मुंबई में आज से ऑटो-टैक्सी का सफर महंगा, लागू हुई नई दरें; जानें कितना बढ़ा किराया
मुंबई महानगर क्षेत्र में एक सितंबर से ऑटो और टैक्सी का किराया बढ़ गया है। टैक्सी का न्यूनतम किराया 33 और ऑटो का 27 रुपये हुआ, मीटर नवंबर तक कैलिब्रेट होंगे।
मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में आज यानी एक सितंबर से ऑटो-रिक्शा और टैक्सी से सफर करना महंगा हो गया है। महाराष्ट्र सरकार के परिवहन विभाग ने नई किराया दरें जारी कर दी हैं। नई दरों के अनुसार, काली-पीली टैक्सी का पहले 1.5 किलोमीटर का न्यूनतम किराया 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये हो गया है। वहीं, ऑटो-रिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये कर दिया गया है।
नई दरों के तहत काली-पीली टैक्सी का प्रति किलोमीटर किराया 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये हो गया है। ऑटो-रिक्शा में शुरुआती दूरी के बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये हो गया है।
नवंबर तक होगा मीटर का कैलिब्रेशन
परिवहन अधिकारियों के मुताबिक लाखों वाहनों के मीटर को एक साथ नई दरों के अनुसार कैलिब्रेट करना संभव नहीं है। इसलिए संक्रमण अवधि में यात्रियों को कुछ ऐसे ऑटो और टैक्सी मिल सकते हैं, जिनके मीटर पर पुरानी दरें प्रदर्शित होंगी। ऐसी स्थिति में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) द्वारा स्वीकृत आधिकारिक किराया कार्ड के आधार पर यात्रियों से नई दर के मुताबिक किराया लिया जाएगा।
और पढ़ें: मुंबई में 1 सितंबर से महंगा होगा टैक्सी-ऑटो का सफर, जानें नई दरें
वाहनों के मीटर को नई दरों के अनुसार कैलिब्रेट कराने की समयसीमा एक सितंबर से नवंबर के अंत तक रखी गई है। निर्धारित अवधि में मीटर अपडेट नहीं कराने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया जा सकता है।
मुंबई में करीब 18 महीने बाद ऑटो और टैक्सी के किराए में संशोधन हुआ है। इससे पहले एक फरवरी 2025 को दोनों श्रेणियों के किराए में तीन-तीन रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। एमएमआर में 4.5 लाख से अधिक ऑटो-रिक्शा और 50 हजार से ज्यादा काली-पीली टैक्सियां हैं।
चालकों के लिए मराठी भाषा की परीक्षा
इस बीच महाराष्ट्र सरकार ऑटो और टैक्सी चालकों के मराठी भाषा ज्ञान की भी जांच कर रही है। अभियान के पहले दिन 8,217 चालकों की परीक्षा ली गई और 1,268 वाणिज्यिक यात्री वाहन चालकों को भाषा दक्षता में असफल रहने पर नोटिस दिया गया। इनमें 604 नोटिस एमएमआर में जारी हुए।
चालकों से रोजमर्रा की परिस्थितियों पर आधारित 16 सवाल पूछे जा रहे हैं। इनमें यात्रियों से गंतव्य, रास्ते, किराए, मीटर और स्टैंड से संबंधित बातचीत शामिल है। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा।
और पढ़ें: मुंबई में 1 सितंबर से महंगा होगा टैक्सी-ऑटो का सफर, जानें नई दरें