×
 

नांदेड़ में तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक की भीषण टक्कर, 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के नांदेड़ में तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक की भीषण भिड़ंत में छह लोगों की मौत हुई। तीन गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती हैं, पुलिस जांच जारी है।

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टाटा मैजिक वैन के परखच्चे उड़ गए और मृतकों के क्षत-विक्षत शव सड़क पर बिखर गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के पास सीताखंडी इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि भोकर से नांदेड़ की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक सामने से आ रही टाटा मैजिक वैन से जा टकराया। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर बेहद जोरदार थी।

टक्कर के बाद टाटा मैजिक सड़क किनारे जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में वैन में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

और पढ़ें: महाराष्ट्र के गोंदिया के पास भीषण सड़क हादसा, छह लोगों की मौत, सात घायल

ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंसा

भीषण टक्कर के कारण ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक का चालक केबिन के अंदर फंस गया था। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय टाटा मैजिक में कुल 12 यात्री सवार थे। हादसे के बाद आसपास के गांवों के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया तथा घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

और पढ़ें: कर्नाटक में ट्रैक्टर से टकराई बस, लोहे की सरियों ने ड्राइवर को छेदा; मौके पर मौत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share