नेपाल में बाढ़ से बहा बैंक लॉकर, नकदी लूटने के आरोप में 29 गिरफ्तार; 92 लाख नेपाली रुपये बरामद
नेपाल की विनाशकारी बाढ़ में बैंक का लॉकर बहकर नदी किनारे पहुंच गया, जहां नकदी लूटने के आरोप में 29 लोग गिरफ्तार हुए। पुलिस ने 92 लाख रुपये बरामद किए।
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 2,500 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 320 भारतीयों सहित 537 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इसी बीच बाढ़ से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें नदी के तेज बहाव में एक बैंक का लॉकर बहकर आ गया और कथित तौर पर उसमें रखी नकदी को लूट लिया गया।
जानकारी के अनुसार, रसुवा जिले में बाढ़ के तेज सैलाब में एक बैंक लॉकर बह गया। यह लॉकर धादिंग जिले की गल्छी गांवपालिका-4 के बेलखूखोला इलाके के पास त्रिशूली नदी के किनारे पहुंचा। लॉकर मिलने की जानकारी फैलते ही वहां मौजूद लोगों ने कथित तौर पर उसमें रखी नकदी निकालनी शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और कुल 29 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 92 लाख 68 हजार 505 नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में पवन पौडेल, वीरबहादुर राना मगर, विनोद गिरी, नवराज भेटुवाल, पूर्णलाल श्रेष्ठ, विष्णुमणि अधिकारी, कृष्ण मगर, शिवबहादुर राना मगर, युवराज अधिकारी, सुशांत श्रेष्ठ, सुचिमबहादुर राना मगर, सविन श्रेष्ठ, प्रेमबहादुर राना मगर और अनिल भेटुवाल समेत अन्य लोग शामिल हैं।
और पढ़ें: नेपाल ने प्रधानमंत्री मोदी और भारत की मदद की सराहना की, वित्त मंत्री बोले- बेहद उदार रहा सहयोग
पुलिस अब बरामद रकम के वास्तविक स्रोत का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में और कितने लोग शामिल हो सकते हैं।
अभी टला नहीं है खतरा
विनाशकारी बाढ़ के बाद नेपाल में खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। चीन ने चेतावनी दी है कि ल्हेन्डे नदी तंत्र के ऊपरी क्षेत्र में बनी एक झील किसी भी समय टूट सकती है। अधिकारियों के अनुसार, नदी के पानी के रंग में बदलाव भी संभावित खतरे का संकेत हो सकता है। नदी के बहाव की दिशा में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बचाव अभियान जारी
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान जारी है। नेपाल सेना ने रसुवा जिले में अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। अब तक 4,500 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि करीब 2,500 लोगों की तलाश अभी जारी है।