रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी का स्वर्णिम दौर, गुजरात को हराकर लगातार दूसरी बार बनी आईपीएल चैंपियन
आरसीबी ने आईपीएल 2026 फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता। विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी और गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन निर्णायक रहा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साबित कर दिया कि अब वह सिर्फ स्टार खिलाड़ियों पर निर्भर टीम नहीं, बल्कि एक संतुलित और मजबूत इकाई बन चुकी है।
आरसीबी का सफर आसान नहीं रहा। 2009, 2011 और 2016 में टीम फाइनल तक पहुंची, लेकिन हर बार निराशा हाथ लगी। इसके बाद विराट कोहली ने 2021 में कप्तानी छोड़ दी, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली। वर्ष 2025 में रजत पाटीदार को कप्तान बनाए जाने के बाद टीम प्रबंधन ने संतुलित बल्लेबाजी और मजबूत गेंदबाजी पर ध्यान दिया, जिसका परिणाम लगातार दो खिताबों के रूप में सामने आया।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस की टीम 155 रन ही बना सकी। आरसीबी के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, जॉश हेजलवुड और रासिख सलाम डार ने शानदार गेंदबाजी की। गुजरात के प्रमुख बल्लेबाज शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। हालांकि वॉशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों में 50 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
और पढ़ें: PSG की चैंपियंस लीग जीत के बाद पेरिस में बवाल, 260 से अधिक वाहन फूंके गए, 780 से ज्यादा गिरफ्तार
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। वेंकटेश ने 16 गेंदों पर 32 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने केवल 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को 12 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
इस जीत के साथ आरसीबी लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद तीसरी टीम बन गई है। रजत पाटीदार की कप्तानी और विराट कोहली के अनुभव ने आरसीबी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।
और पढ़ें: टीएमसी में बढ़ी अंदरूनी कलह की अटकलें, ममता बनर्जी के आवास पर बैठक से 60 विधायक रहे नदारद