तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: NDA ने सीटों का समझौता किया, AIADMK 178 सीटों पर और भाजपा 27 सीटों पर चुनाव लड़ेगी
NDA ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सीट शेयरिंग तय की। AIADMK 178, भाजपा 27, PMK 18 और AMMK 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने सोमवार को सीट शेयरिंग समझौता अंतिम रूप दे दिया। इस समझौते के तहत भाजपा को 27 सीटें दी गई हैं। वहीं, पट्टाली मक्कल कच्ची (PMK) और अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कज़गम (AMMK) को क्रमशः 18 और 11 सीटें दी गई हैं। एआईएडीएमके को 178 सीटों के साथ सबसे बड़ी हिस्सेदारी मिली है।
समझौते पर एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पाडी के पलानिस्वामी और भाजपा के चुनाव प्रभारी, केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा भाजपा तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नाइनार नागेन्द्रन, पीएमके अध्यक्ष अंबुमनी रामदास और एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरण भी मौजूद थे।
पियूष गोयल ने कहा, “हम सब एक परिवार हैं और चुनाव जीतने के लिए लड़ेंगे। 27 सीटों पर हमें संतोष है। लोग मुख्यमंत्री स्टालिन और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन से तंग आ चुके हैं। एनडीए राज्य में सरकार बनाएगा।”
और पढ़ें: मध्य पूर्व में तनाव खत्म होने के संकेत? ट्रंप ने ईरान से बातचीत के बाद हमले रोके
2021 के विधानसभा चुनाव में एआईएडीएमके ने 179 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 66 सीटें जीती थीं। भाजपा ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा और केवल चार सीटों पर जीत दर्ज की। इस बार भाजपा 30 सीटों पर चुनाव लड़ा चाहती थी, लेकिन उसे 27 सीटें दी गईं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव एक चरण में 23 अप्रैल को होंगे। परिणाम 4 मई को अन्य राज्यों—पश्चिम बंगाल, केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी के साथ घोषित किए जाएंगे।
और पढ़ें: यूपी में महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये पेंशन का वादा, 2027 चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान