ट्रंप का बड़ा ऐलान, रिपब्लिकन जीतने पर हर अमेरिकी वयस्क को मिलेंगे 5 हजार डॉलर
डोनाल्ड ट्रंप ने वादा किया कि 2026 मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की जीत पर हर वयस्क अमेरिकी नागरिक को 5 हजार डॉलर का ‘ट्रंप डिविडेंड’ दिया जाएगा।
अमेरिका में ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच 2026 के मध्यावधि चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी की जीत की स्थिति में हर वयस्क अमेरिकी नागरिक को 5 हजार डॉलर देने का ऐलान किया है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 5 लाख रुपये के बराबर बताई जा रही है। ट्रंप ने इस योजना को ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर 2026 के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और अमेरिकी सीनेट, दोनों में अपना नियंत्रण बनाए रखती है, तो वह हर वयस्क अमेरिकी को 5 हजार डॉलर देंगे। उन्होंने कहा कि यह रकम अमेरिका की आर्थिक ताकत और सफलता के कारण दी जाएगी।
ट्रंप ने डलास में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (आरएनसी) के मध्यावधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगर रिपब्लिकन पार्टी चुनाव जीतती है तो अमेरिकी नागरिक भी इस जीत का लाभ उठाएंगे।
और पढ़ें: नंदीग्राम समेत 5 विधानसभा सीटों और असम की नागांव लोकसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव
ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध और तेल की कीमतों को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा संघर्ष के कारण तेल की कीमतों में तत्काल गिरावट की उम्मीद नहीं है। उनके मुताबिक, चुनाव के बाद स्थिति बदल सकती है और युद्ध भी जल्द समाप्त हो सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि ईरान अमेरिका के मध्यावधि चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के तुरंत बाद ईरान के साथ युद्ध समाप्त हो सकता है, क्योंकि उनके अनुसार ईरान ज्यादा लंबे समय तक संघर्ष जारी रखने की स्थिति में नहीं है।
ट्रंप ने पहले भी कहा था कि ईरान चाहता है कि अमेरिका में एक कमजोर नेतृत्व वाला समूह सत्ता में आए और उसे अपने परमाणु हथियार रखने की अनुमति मिल जाए। हालांकि, युद्ध और चुनाव को लेकर ट्रंप के बयानों के बीच अमेरिकी राजनीति में इस घोषणा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।