गंगा नदी में नाव पर चिकन बनाने और शराब पार्टी का वीडियो वायरल, 5 लोग गिरफ्तार
वाराणसी में गंगा नदी की नाव पर चिकन पकाने और शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर नाव जब्त कर ली है।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर कथित रूप से नॉनवेज खाना बनाने और शराब पीने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तब की गई जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार, अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी के रूप में हुई है। सभी आरोपी 25 से 32 वर्ष की उम्र के हैं और वाराणसी तथा रामनगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
दशाश्वमेध सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो में आरोपी गंगा नदी में मणिकर्णिका घाट के पास नाव पर चिकन पका रहे थे और बीयर का सेवन कर रहे थे। यह नाव कथित रूप से एक स्थानीय जनप्रतिनिधि से जुड़ी बताई जा रही है। घटना दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में हुई।
और पढ़ें: इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 8 दिन की अवैध हिरासत पर ACP की सैलरी से वसूला जाएगा 2 लाख मुआवजा
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 299 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच के बाद नाव को भी जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इससे पहले भी इसी तरह का एक मामला मार्च महीने में सामने आया था, जब 14 युवकों को गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी करने और नॉनवेज खाना नदी में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में भी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा था।
स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों का कहना है कि गंगा नदी आस्था का प्रतीक है और इस तरह की गतिविधियां लोगों की भावनाओं को आहत करती हैं। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि नदी में किसी भी प्रकार की अवैध या आपत्तिजनक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
और पढ़ें: पश्चिम बंगाल में सड़कों के नाम बदलने पर विवाद, मुगल और पठान नाम हटाने के फैसले से सियासत गरमाई