भाजपा की नशा मुक्त यात्रा के बीच आप ने घर-घर पहुंचाया पंजाब सरकार का रिपोर्ट कार्ड
पंजाब में भाजपा की नशा मुक्त यात्रा के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने धूरी से आप का घर-घर अभियान शुरू किया। पार्टी सरकार की उपलब्धियां और नशाविरोधी कार्रवाई लोगों तक पहुंचा रही है।
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के बीच मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने धूरी से आप के घर-घर संपर्क अभियान की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड लोगों तक पहुंचाना है।
भाजपा की यात्रा में नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं। यात्रा राज्य की 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजरने वाली है। इसके जवाब में आप सरकार अपने ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान और शासन से जुड़े कार्यों को लोगों के बीच प्रमुखता से रख रही है।
सरकार के अनुसार, मार्च 2025 से सितंबर 2026 के बीच एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 61,824 एफआईआर दर्ज कीं और 81,433 लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 3,918 किलोग्राम हेरोइन, 991 किलोग्राम अफीम, 47 टन पोस्त की भूसी, 1,416 किलोग्राम गांजा तथा 65 लाख टैबलेट और कैप्सूल जब्त किए जाने का दावा किया गया है।
और पढ़ें: पंजाब में भगवंत मान का घर-घर अभियान शुरू, AAP सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के मुताबिक करीब 3,600 स्कूलों के 7.5 लाख विद्यार्थियों को 14 सप्ताह का नशा विरोधी पाठ्यक्रम पढ़ाया जा रहा है। वहीं लगभग 15,000 गांव और वार्ड रक्षा समितियों में 1.25 लाख सदस्य जुड़े हैं।
उपचार के लिए पंजाब में 547 ओओएटी केंद्र, 219 नशामुक्ति केंद्र और 91 पुनर्वास केंद्र संचालित होने की जानकारी दी गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2024 में सरकारी नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में 12,200 से अधिक दाखिले हुए थे, जो 2025 में बढ़कर करीब 34,000 हो गए।
और पढ़ें: खाली खजाना, आखिरी साल में मुफ्त योजनाएं: पंजाब में AAP के वादों पर क्यों उठ रहे सवाल