अभिषेक बनर्जी का अमेरिका से संदेश, बोले- मैं अभी खत्म नहीं हुआ हूं
तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने अमेरिका से चेहरे की तस्वीर साझा कर कहा कि वह अभी खत्म नहीं हुए हैं। संदेश के बीच उनके खिलाफ चल रही जांचें चर्चा में हैं।
तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने अमेरिका से अपने चेहरे की आधी तस्वीर साझा करते हुए एक रहस्यमयी संदेश पोस्ट किया है। तस्वीर में उनकी एक आंख और चेहरे का आधा हिस्सा दिखाई दे रहा है। आंख के नीचे लाल निशान और चेहरे पर हल्की दाढ़ी नजर आ रही है।
तस्वीर के साथ उन्होंने कहा, ‘‘चेहरे का निशान बताता है कि मैं कुछ झेल चुका हूं। आंखें बताती हैं कि मैं अभी खत्म नहीं हुआ हूं।’’
अभिषेक बनर्जी के इस संदेश को उनके हालिया राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रम के बीच देखा जा रहा है। 38 वर्षीय सांसद को पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने आंख के इलाज के लिए तीन सप्ताह विदेश जाने की अनुमति दी थी। शीर्ष अदालत ने कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा विदेश यात्रा पर लगी पाबंदी में राहत देने से इनकार किए जाने के फैसले को पलट दिया था।
और पढ़ें: सल्बोनी जमीन मामले में अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित रॉय गिरफ्तार, सीआईडी-एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा था कि प्रत्येक व्यक्ति को विदेश जाने और अपनी चिकित्सा का विकल्प चुनने का अधिकार है। पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने यात्रा का विरोध करते हुए कहा था कि बनर्जी के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और आशंका है कि वह वापस नहीं लौटेंगे।
अदालत ने बनर्जी से विदेश में रहने की जगह, डॉक्टर या अस्पताल, ठहरने की अवधि और उड़ान से जुड़ी जानकारी देने को कहा था।
बनर्जी ने 23 जून को कलकत्ता हाईकोर्ट में विदेश जाकर आंख का इलाज कराने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने बताया था कि अक्टूबर 2016 में सड़क दुर्घटना में गंभीर चोट लगने के बाद करीब एक दशक से अमेरिका में आंख का इलाज करा रहे हैं।
इस बीच, पश्चिम बंगाल सीआईडी ने उनके निजी सहायक सुमित रॉय को जमीन घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया। जून में प्रवर्तन निदेशालय ने कथित प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच में बनर्जी से पूछताछ की थी।
विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले सोनारपुर में एक कार्यक्रम के दौरान भीड़ ने उनके साथ धक्का-मुक्की की थी और अंडे फेंके थे। वहीं, चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर मतभेद बढ़ने की खबरें भी सामने आई हैं।
और पढ़ें: सुरक्षा मानकों पर कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के कार्यालय को खाली करने का आदेश