अल्जारी जोसेफ ने डैरेन सैमी के बयान पर किया पलटवार, चयन विवाद पर रखी अपनी बात
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने डैरेन सैमी के चयन से इनकार वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोच बयान के प्रभाव और उसके संदेश को जानते थे।
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने मुख्य कोच डैरेन सैमी के उस बयान पर नाराजगी जताई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि जोसेफ ने पाकिस्तान के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में चयन से इनकार कर दिया था।
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। सीरीज शुरू होने से पहले क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने टीम का ऐलान किया था, जिसमें अल्जारी जोसेफ का नाम नहीं था। सीडब्ल्यूआई ने उस समय बताया था कि जोसेफ व्यक्तिगत कारणों की वजह से इस सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
हालांकि, टीम चयन के अगले दिन वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने कहा कि अल्जारी जोसेफ ने सीरीज के लिए चयन से इनकार किया था। यह बयान जोसेफ को पसंद नहीं आया और उन्होंने सैमी की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
और पढ़ें: विराट कोहली ने अजिंक्य रहाणे को बताया अपना पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साथी, संन्यास पर दी शुभकामनाएं
एंटीगा ऑब्जर्वर के कार्यक्रम गुड मॉर्निंग जोजो स्पोर्ट्स शो में बातचीत करते हुए जोसेफ ने कहा कि उनकी मुख्य कोच और क्रिकेट वेस्टइंडीज दोनों से बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूआई के आधिकारिक बयान में केवल व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख किया गया था।
जोसेफ ने कहा, "डैरेन सैमी लंबे समय से इस खेल से जुड़े हुए हैं। उन्हें पता है कि इस तरह का बयान किस तरह का प्रभाव डाल सकता है। इसलिए उनके बयान को लेकर मेरे पास ज्यादा कुछ कहने के लिए नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा कि सैमी जानते थे कि इस बयान से सार्वजनिक तौर पर किस तरह की धारणा बन सकती है।
भविष्य में सैमी के साथ अपने संबंधों को लेकर भी जोसेफ ने स्पष्ट किया कि वह एक पेशेवर खिलाड़ी हैं और उनका ध्यान सिर्फ वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए खेलने पर है। उन्होंने कहा, "मैं काम करने जा रहा हूं। मैं वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करता हूं, डैरेन सैमी का नहीं।"
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट मैच जीतकर सीरीज में बढ़त बना ली है। अब दोनों टीमें दूसरा टेस्ट मैच क्वींस पार्क ओवल, पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद में 2 अगस्त से खेलेंगी।
और पढ़ें: कृष्णा श्रीकांत ने वनडे टीम में रविंद्र जडेजा की वापसी का समर्थन किया