राम मंदिर चढ़ावा मामले पर अरविंद केजरीवाल का बीजेपी पर हमला, बोले- चोरों को सजा दिलानी है तो सरकार बदलनी होगी
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दोषियों को सजा दिलाने के लिए सरकार बदलनी होगी। उन्होंने अमित शाह से भी सवाल किए।
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों पर तीखा हमला बोला। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में इस मामले के दोषियों को सजा नहीं मिल सकती।
केजरीवाल ने कहा, "अगर राम मंदिर के चढ़ावे के चोरों को सजा दिलानी है तो सरकार बदलनी होगी। वर्तमान केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार ऐसा नहीं कर सकती। भगवान श्रीराम के हर भक्त को इस मामले में दोषियों को सजा दिलाने के लिए सरकार बदलनी चाहिए।"
उन्होंने भाजपा पर सनातन धर्म का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। केजरीवाल ने कहा, "यदि ये लोग भगवान राम को वास्तव में भगवान मानते, तो चोरी नहीं करते। भगवान राम की कृपा से इन्हें केंद्र और कई राज्यों में सरकार मिली, लेकिन उन्होंने उसी आस्था का राजनीतिक लाभ उठाया।"
और पढ़ें: महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति बने सचिन अहीर, निर्विरोध हुए निर्वाचित
आप प्रमुख ने दावा किया कि उनकी पार्टी ही वास्तविक अर्थों में सनातन परंपरा का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना चलाई, पंजाब में मां काली और लव-कुश को समर्पित मंदिर का निर्माण कराया तथा भजन संध्याओं का आयोजन भी किया।
केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद उन्होंने अब तक मंदिर का दौरा नहीं किया। उन्होंने सवाल किया कि यदि अमित शाह भगवान राम के नाम पर वोट मांगते हैं, तो वे मंदिर दर्शन के लिए क्यों नहीं गए। साथ ही उन्होंने अमित शाह से राम मंदिर जाकर दर्शन करने की अपील भी की।
उधर, राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस कर रही है। मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और वित्तीय लेनदेन सहित अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
और पढ़ें: कृष्णानगर में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर अंडे फेंकने का आरोप, भाजपा पर साधा निशाना