×
 

अश्मिता चालिहा ने रचा इतिहास, कोरिया मास्टर्स 2026 में जीता पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब

अश्मिता चालिहा ने कोरिया मास्टर्स 2026 में चीन की हान कियान शी को हराकर पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीता। शाहनवाज ने लंबी कूद में कांस्य पदक जीता।

भारत की 26 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया मास्टर्स 2026 का महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया। यह उनके करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब है। फाइनल मुकाबले में उन्होंने चीन की चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हान कियान शी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 14-21, 21-14, 21-14 से हराया।

राजस्थान के अनूपगढ़ से ताल्लुक रखने वाली अश्मिता ने इस जीत के साथ विश्व स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की। पहले गेम में उन्हें चीनी खिलाड़ी के खिलाफ 14-21 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की। दूसरे गेम में अश्मिता ने आक्रामक रणनीति अपनाई और अपने सटीक स्मैश के दम पर दबाव बनाया। 6-6 की बराबरी के बाद उन्होंने लगातार बढ़त बनाई और 21-14 से गेम जीतकर मुकाबला बराबर कर दिया।

निर्णायक तीसरे गेम में भी अश्मिता ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। उन्होंने हान कियान शी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 21-14 से गेम जीतकर खिताब पर कब्जा कर लिया। पूरा मुकाबला 53 मिनट में समाप्त हुआ।

और पढ़ें: कोरिया मास्टर्स के महिला एकल सेमीफाइनल में पहुंचीं रक्षिता रामराज और अस्मिता चालिहा

खिताब जीतने के बाद अश्मिता ने कहा कि यह उनके लिए अविश्वसनीय पल है और इस सफलता ने आगे और अधिक उपलब्धियां हासिल करने की भूख बढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि पहले गेम में कोर्ट के ड्रिफ्ट की वजह से उन्हें परेशानी हुई, लेकिन दूसरे गेम में परिस्थितियां बेहतर होने पर उन्होंने वापसी की। तीसरे गेम में 11 अंकों के बाद उन्होंने अपनी रणनीति बदली और जीत हासिल की।

इस प्रतियोगिता में भारत के लिए एक और बड़ी सफलता शाहनवाज ने हासिल की। 18 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने पुरुषों की लंबी कूद में 7.84 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। इटली के डेनियल इनजोली ने 7.97 मीटर के साथ स्वर्ण और ऑस्ट्रेलिया के मेसन मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर के साथ रजत पदक जीता।

अश्मिता की जीत के साथ भारतीय बैडमिंटन का शानदार प्रदर्शन जारी है। इससे पहले ताइपे ओपन में तन्वी शर्मा, जापान ओपन में पीवी सिंधु और थाईलैंड मास्टर्स में देविका सिहाग ने भी खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।

और पढ़ें: कोरिया मास्टर्स 2026 में आज से भारतीय शटलरों का अभियान, युवा स्टार तन्वी शर्मा पर रहेंगी निगाहें

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share