BCCI ने रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों को खारिज किया, देवजीत सैकिया बोले- अफवाहों को हवा न दें
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय संन्यास की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि रोहित शानदार फॉर्म में हैं और अफवाहों को हवा नहीं देनी चाहिए।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की अटकलों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इन चर्चाओं को खारिज करते हुए लोगों से अफवाहों को बढ़ावा नहीं देने की अपील की।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद से ही रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। कई रिपोर्टों में दावा किया गया कि मुंबई के अनुभवी बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं और चयनकर्ताओं की योजनाओं में उनकी जगह कम हो रही है। इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो वनडे में खराब प्रदर्शन के बाद इन अटकलों ने और जोर पकड़ लिया था।
हालांकि, लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में रोहित ने शानदार शतक लगाकर आलोचकों को करारा जवाब दिया। मुकाबले के बाद सैकिया ने स्पष्ट किया था कि रोहित अभी भी चयनकर्ताओं की योजनाओं का हिस्सा हैं। बीसीसीआई की समीक्षा बैठक के बाद जब उनसे एक बार फिर रोहित के संन्यास को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, “आपने देखा होगा कि वह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अफवाहों को हवा मत दीजिए।”
ज्यादा मैचों को लेकर बीसीसीआई चिंतित
सैकिया ने भारतीय खिलाड़ियों की लगातार बढ़ती चोटों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई के सभी विभागों और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के बीच बेहतर तालमेल है और चोटों से जुड़ी जानकारी साझा करने में कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी एक साल में बहुत अधिक मैच खेल रहे हैं। ऐसे में अगले फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (एफटीपी) चक्र में भविष्य के दौरों को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने और कुछ आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।
सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई के सभी विभाग एकजुट होकर काम कर रहे हैं और महिला टीम, तकनीकी स्टाफ, कोचिंग स्टाफ, सीओई तथा पुरुष टीम के बीच उचित समन्वय बना हुआ है।