बोकारो में पुलिस के सामने युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, आरोपी आरक्षी का बेटा निकला; एसपी ने किया निलंबन
बोकारो में पुलिस के सामने युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ। आरोपी आरक्षी का बेटा निकला, जिसके बाद एसपी ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी और आरक्षी को निलंबित किया।
झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस की मौजूदगी में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ के पास एक युवक दूसरे युवक को लगातार थप्पड़ और घूंसे मार रहा है, जबकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद एक मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पीटने वाला युवक एक पुलिसकर्मी (आरक्षी) का बेटा है, जबकि पिटाई का शिकार हुआ युवक स्थानीय मुखिया का बेटा बताया जा रहा है। घटना के समय पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी हमलावर को रोकने के बजाय पीड़ित युवक के हाथ और बाल पकड़कर उसे बचने से रोकते हैं।
वीडियो में यह भी नजर आता है कि दूसरा पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचता है, लेकिन वह भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता। इसी बीच आरोपी युवक बेरोकटोक पिटाई करता रहता है, जिससे पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद बोकारो के एसपी नाथू सिंह मीणा ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी आरक्षी एकरार और उनके बेटे के खिलाफ सिटी थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साथ ही आरक्षी एकरार को लाइन हाजिर करते हुए निलंबित कर दिया गया है।
एसपी ने कहा कि पुलिस की छवि खराब करने वाली किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। नागरिकों का कहना है कि पुलिस के सामने ही अगर कानून का ऐसा उल्लंघन होगा तो आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठते हैं।
और पढ़ें: जापान के नए वीज़ा नियमों से विदेशी निवासियों पर संकट, नेपाली उद्यमी का सपना टूटा