छत्तीसगढ़ में हाथी के हमले में मां की मौत, शव के पास बैठकर रोती रही मासूम बच्ची का दर्दनाक दृश्य
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मां के शव के पास बैठकर रोती दुधमुंही बच्ची का दर्दनाक दृश्य सामने आया।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी दुधमुंही बच्ची चमत्कारिक रूप से बच गई। घटना के बाद मासूम बच्ची अपनी मां के शव के पास बैठकर रोती रही, जिसका दृश्य लोगों को भावुक कर रहा है।
रायगढ़ जिले में पिछले कुछ समय से जंगली हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। बीती रात हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती में हुई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4 बजे एक जंगली हाथी गांव में घुस आया। हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलने लगे। इसी दौरान एक महिला अपनी दुधमुंही बच्ची को गोद में लेकर सुरक्षित स्थान की ओर जाने की कोशिश कर रही थी। तभी हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसे कुचल दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
और पढ़ें: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, बचाव अभियान जारी
हादसे के दौरान बच्ची सुरक्षित बच गई। घटना के बाद बच्ची अपनी मां के शव से लिपटकर रोती रही और उसे उठाने की कोशिश करती दिखाई दी।
वहीं, दूसरी घटना भी धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल वन परिक्षेत्र में हुई। औरानारा गांव के पास एक जंगली हाथी ने ग्रामीण बंधन अगरिया पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी भी मौत हो गई।
एक ही रात में हाथियों के हमले से दो लोगों की मौत के बाद इलाके में भय का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर नियंत्रण लगाने और प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
और पढ़ें: मैं गांधी नहीं हूं, खुद अपने नायक बनें: अनिश्चितकालीन अनशन के बीच सोनम वांगचुक की अपील