बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट वीडियो पर आईसीसी ने ईसीबी से मांगा जवाब, पीएमओए नियमों के उल्लंघन का आरोप
बेन स्टोक्स के संन्यास वीडियो को लेकर आईसीसी ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड से जवाब मांगा है। आरोप है कि वीडियो जारी कर पीएमओए नियमों का उल्लंघन किया गया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के संन्यास वीडियो को लेकर जवाब मांगा है। आईसीसी का आरोप है कि ईसीबी ने वीडियो जारी कर खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के क्षेत्र (पीएमओए) से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया।
बेन स्टोक्स के संन्यास की घोषणा उस समय सार्वजनिक की गई, जब इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच नॉटिंघम में तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा था। मुकाबले के चौथे दिन स्टोक्स ने ड्रेसिंग रूम में अपने साथियों को अपने फैसले की जानकारी दी थी। इस दौरान उनका वीडियो रिकॉर्ड किया गया और बाद में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने इसे सार्वजनिक कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी ने ईसीबी को एक पत्र भेजकर इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है। आईसीसी का कहना है कि मैच खत्म होने से पहले पीएमओए क्षेत्र से कोई भी ऑडियो या वीडियो फुटेज जारी नहीं किया जा सकता।
क्या है पीएमओए नियम?
आईसीसी के पीएमओए नियमों के अनुच्छेद 2.2.11 के अनुसार, क्रिकेट बोर्ड यह सुनिश्चित करेंगे कि टीमों के ड्रेसिंग रूम में वीडियो या ऑडियो प्रसारण के उद्देश्य से कोई स्थायी या अस्थायी कैमरा अथवा रिकॉर्डिंग उपकरण न लगाया जाए।
रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने ईसीबी को बताया कि पीएमओए क्षेत्र की कोई भी रिकॉर्डिंग टेस्ट मैच समाप्त होने से पहले जारी नहीं की जानी चाहिए। हालांकि, स्टोक्स का वीडियो चौथे दिन चाय के समय से कुछ पहले भारतीय समयानुसार शाम 7:55 बजे जारी कर दिया गया।
वीडियो जारी होने के तुरंत बाद स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज जैक फॉल्क्स का विकेट भी लिया। इसके बाद उन्होंने पांचवें दिन बल्लेबाजी करते हुए बेन डकेट के साथ पारी की शुरुआत की और 20 गेंदों में 30 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और दो चौके शामिल थे।
स्टोक्स ने वीडियो में क्या कहा?
स्टोक्स ने अपने साथियों को बताया कि अगले दो दिन इंग्लैंड के कप्तान और खिलाड़ी के रूप में उनके आखिरी दिन होंगे। उन्होंने टीम से अपील की कि सभी खिलाड़ी अपना पूरा योगदान दें और मैच के अंत तक भावनाओं को अलग रखते हुए पूरी ताकत से खेलें।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य टीम के लिए अपना आखिरी प्रयास करना है और वह चाहते हैं कि सभी खिलाड़ी मैदान पर पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ उतरें।