×
 
☰

भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराया, एशियन गेम्स क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान से होगा मुकाबला

भारत ने एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराया। ईशान किशन के 80 रन और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से फाइनल में पहुंचा भारत।

भारत ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन की नाबाद 80 रन की शानदार पारी की बदौलत 169 रन बनाए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और पूरी टीम महज 45 रन पर ऑलआउट हो गई।

जापान में परिस्थितियां दोनों टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण मानी जा रही थीं। इसके बावजूद भारत ने मुकाबले में शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा ने दूसरी ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर सहान अराचिगे ने उन्हें आउट कर दिया। अभिषेक सात रन बनाकर लौटे। इसके बाद संजू सैमसन भी सात रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

भारत को वैभव सूर्यवंशी ने संभाला। प्लेइंग इलेवन में वापसी करने वाले वैभव ने 21 गेंदों पर 38 रन बनाकर टीम को गति दी। उनके आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे किशन ने 46 गेंदों में नाबाद 80 रन बनाए और भारत को 169 रन तक पहुंचाया। श्रीलंका के लिए सहान और थारिंदु रत्नायके ने दो-दो विकेट लिए।

और पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने ममता बनर्जी गुट की चार फ्रीज बैंक खातों को चलाने की याचिका खारिज की

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। लंबे अंतराल के बाद टीम में लौटे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती ओवर में ही दो विकेट झटक लिए। अक्षर पटेल ने भी दबाव बनाए रखा और श्रीलंका ने चार ओवर के भीतर 18 रन पर पांच विकेट गंवा दिए।

इसके बाद अभिषेक शर्मा ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर श्रीलंका की पारी 45 रन पर समाप्त कर दी। फाइनल में भारत का सामना 3 अक्टूबर को पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है।

और पढ़ें: राहुल गांधी ने फॉर्म-6 में बदलाव पर चुनाव आयोग से पूछा- आदेश किसने दिया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share