×
 

भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता ऐतिहासिक उपलब्धि, द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी नई गति: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने, व्यापार बढ़ाने और वैश्विक शांति व सुरक्षा के लिए साथ काम करने पर सहमति जताई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को दोनों देशों के संबंधों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने कम समय में इस समझौते को अंतिम रूप देना उल्लेखनीय उपलब्धि है। दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई, जिसमें रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर सहमति बनी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 40 वर्षों बाद न्यूजीलैंड यात्रा हो रही है, जो अपने आप में ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की जनता का भारत के प्रति स्नेह बेहद भावुक करने वाला है और यह दोनों देशों की मित्रता को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जब प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भारत आए थे, तभी एफटीए की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इतने कम समय में इस समझौते का पूरा होना विश्व स्तर पर भी एक मिसाल है। इसके लिए उन्होंने लक्सन, उनकी सरकार और पूरी टीम को बधाई दी।

और पढ़ें: ट्रंप बोले- ईरान ने बातचीत की मांग की, अमेरिका तैयार; लेकिन युद्धविराम खत्म होने का किया ऐलान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब भारत और न्यूजीलैंड रणनीतिक साझेदारी के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं। दोनों लोकतांत्रिक देशों के साझा मूल्य और समुद्री राष्ट्र होने की समानता उन्हें स्वाभाविक साझेदार बनाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा को मजबूती देगी तथा दोनों देश वैश्विक कल्याण के लिए शांति के उत्प्रेरक की भूमिका निभाएंगे।

वहीं, प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा दोनों देशों के संबंधों के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि व्यापार के क्षेत्र में बहुत कम समय में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, लेकिन यह साझेदारी केवल एफटीए तक सीमित नहीं रहेगी। रणनीतिक साझेदारी के जरिए दोनों देश व्यापार, निवेश, शिक्षा, नवाचार और अन्य क्षेत्रों में सहयोग का दायरा और व्यापक करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान प्रमुख उद्योगपतियों, खेल हस्तियों और भारतीय समुदाय के लोगों से भी संवाद करेंगे।

और पढ़ें: लॉर्ड्स में उतरते ही स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली बनीं सबसे युवा क्रिकेटर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share