डेविस कप 2026: सुरेश-बालाजी ने दक्षिण कोरिया को हराकर भारत को दिलाया पहला अंक
भारत के सुरेश और बालाजी ने डेविस कप क्वालिफायर में दक्षिण कोरिया के नाम-पार्क को 6-3, 3-6, 6-3 से हराकर टीम को पहला अंक दिलाया।
भारत के दक्षिणेश्वर सुरेश और श्रीराम बालाजी की जोड़ी ने डेविस कप 2026 क्वालिफायर के दूसरे दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया के जिसुंग नाम और उइसुंग पार्क को हरा दिया। भारतीय जोड़ी ने तीन सेट तक चले मुकाबले में 6-3, 3-6, 6-3 से जीत दर्ज कर भारत को पहला अंक दिलाया।
सुरेश और बालाजी ने मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज में की और पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया। हालांकि, दक्षिण कोरियाई जोड़ी ने दूसरे सेट में वापसी करते हुए 6-3 से जीत हासिल कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक तीसरे सेट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाया और 6-3 से सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।
यह जीत भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि पहले दिन खेले गए दोनों एकल मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा था। दक्षिण कोरिया ने पहले दिन 2-0 की बढ़त बना ली थी। सूनवू क्वोन ने दक्षिणेश्वर सुरेश को हराया था, जबकि ह्योन चुंग ने सुमित नागल के खिलाफ जीत दर्ज की थी।
दक्षिण कोरिया के खिलाफ इस मुकाबले में जीत भारत के लिए शीर्ष आठ में जगह बनाने की उम्मीदों को बनाए रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण थी। श्रीराम बालाजी विश्व रैंकिंग में 49वें और सुरेश 657वें स्थान पर हैं। वहीं, जिसुंग नाम 112वें और उइसुंग पार्क 241वें स्थान पर हैं।
यह मुकाबला सियोल के ओलंपिक टेनिस कोर्ट में खेला गया। भारतीय जोड़ी ने निर्णायक सेट में बेहतरीन खेल दिखाकर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया।
और पढ़ें: डेविस कप 2026: भारत की वापसी की उम्मीद, डबल्स मुकाबले में सुरेश-बालाजी का सामना नाम-पार्क से