×
 

विंटर ओलंपिक में इटली का ऐतिहासिक दिन, एक ही दिन में जीते 6 मेडल

मिलान-कोर्टिना विंटर ओलंपिक में इटली ने एक दिन में रिकॉर्ड छह पदक जीतकर इतिहास रचा। दो दिनों में कुल नौ पदक जीतकर टीम 19 पदकों के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।

मिलान-कोर्टिना विंटर ओलंपिक में मेजबान देश इटली के लिए रविवार (8 फरवरी 2026) का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। इटली ने एक ही दिन में कुल छह पदक जीतकर विंटर ओलंपिक इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया। यह किसी भी विंटर ओलंपिक में एक दिन में इटली का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इन छह पदकों में एक रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं।

इटली की स्टार स्कीयर सोफिया गोजिया ने महिला डाउनहिल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इस शानदार दिन की शुरुआत की। इसके बाद स्नोबोर्डिंग के पैरलल जायंट स्लालोम में लूसिया डालमासो ने भी तीसरा स्थान हासिल किया। बायथलॉन की मिक्स्ड रिले स्पर्धा में इटली की टीम ने रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।

स्पीड स्केटिंग की पुरुष 5,000 मीटर रेस में रिक्कार्डो लोरेल्लो ने कांस्य पदक अपने नाम किया। मिलान-कोर्टिना गेम्स के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने इसे विंटर ओलंपिक इतिहास में इटली का सर्वश्रेष्ठ दिन बताया। शाम को डोमिनिक फिशनालर ने पुरुष सिंगल्स ल्यूज में कांस्य जीता और फिगर स्केटिंग टीम इवेंट में भी इटली ने कांस्य पदक हासिल किया।

और पढ़ें: ग्रीनलैंड विवाद के बीच अमेरिकी सामान के बहिष्कार वाले ऐप्स की मांग बढ़ी

रिक्कार्डो लोरेल्लो ने कहा कि अपने देश में खेलना एक अनोखा अनुभव है और दर्शकों का समर्थन बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने अपने साथियों पर गर्व जताते हुए कहा कि टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है।

सिर्फ दो दिन की प्रतियोगिताओं के बाद इटली के पास कुल नौ पदक हो चुके हैं। शनिवार को भी मेजबान देश ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते थे। इटली का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1994 के लिलेहैमर विंटर गेम्स में 20 पदक जीतना रहा है। 2006 में ट्यूरिन में आयोजित ओलंपिक में इटली ने 11 पदक जीते थे, जबकि बीजिंग 2022 में 17 पदक मिले थे।

इटैलियन ओलंपिक कमेटी के अध्यक्ष लुसियानो बुओनफिग्लियो ने पहले ही कम से कम 19 पदक जीतने का लक्ष्य रखा था और मौजूदा प्रदर्शन से यह लक्ष्य हासिल करना संभव नजर आ रहा है।

और पढ़ें: अदालत में ‘गुंडा राज’ बर्दाश्त नहीं: मुख्य न्यायाधीश ने वकील को दिल्ली हाईकोर्ट से संपर्क करने को कहा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share