×
 

काउंटी चैंपियनशिप में फिर दिखेगा जयदेव उनादकट का जलवा, ससेक्स टीम से दोबारा जुड़ेंगे

भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स के लिए दोबारा खेलेंगे। वह इंग्लैंड लौटकर रेड-बॉल सीजन का हिस्सा बनेंगे और भारतीय घरेलू क्रिकेट की तैयारी करेंगे।

भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट एक बार फिर इंग्लैंड में काउंटी चैंपियनशिप खेलने के लिए तैयार हैं। वह इस सप्ताह के अंत तक ससेक्स टीम के शिविर से जुड़ेंगे और शेष रेड-बॉल सीजन में टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनादकट से ससेक्स को एक बार फिर अपनी गेंदबाजी से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

गौरतलब है कि जयदेव उनादकट वर्ष 2023 से लगातार काउंटी क्रिकेट में ससेक्स के लिए खेल रहे हैं। मौजूदा समय में इंग्लैंड में हंड्रेड और वन-डे कप खेले जाने के कारण काउंटी चैंपियनशिप फिलहाल रुकी हुई है। रेड-बॉल प्रतियोगिता दोबारा शुरू होने पर उनादकट ससेक्स टीम के साथ जुड़ जाएंगे। उनका अनुबंध केवल काउंटी चैंपियनशिप के लिए है।

इंग्लैंड रवाना होने से पहले जयदेव उनादकट ने कहा कि काउंटी क्रिकेट में वापसी उनके लिए भारतीय घरेलू सत्र की तैयारी का बेहतरीन अवसर होगी। उन्होंने कहा, "मैं पिछले चार सीजन से ससेक्स का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं और यह भारतीय घरेलू क्रिकेट सीजन की तैयारी के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।"

और पढ़ें: 88 करोड़ रुपये के घोटाले के मास्टरमाइंड की पत्नी विशाखा राठौड़ यूएई से भारत प्रत्यर्पित

उनादकट का काउंटी चैंपियनशिप में अब तक का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने 13 मैचों में 57 विकेट हासिल किए हैं। मौजूदा सत्र में अब तक खेले गए दो मुकाबलों की चार पारियों में उन्होंने आठ विकेट अपने नाम किए हैं।

ससेक्स की टीम इस समय ऑली रॉबिन्सन की कप्तानी में काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन-1 की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम ने अब तक आठ मुकाबलों में चार जीत दर्ज की हैं, जबकि दो मैच हारे और दो ड्रॉ रहे हैं।

काउंटी चैंपियनशिप में जयदेव उनादकट के अलावा अन्य भारतीय खिलाड़ी भी खेल रहे हैं। युजवेंद्र चहल नॉटिंघमशायर और राहुल चाहर सरे का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहीं, कुलदीप यादव और मानव सुथार के भी अगस्त में श्रीलंका दौरे के बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की संभावना है।

और पढ़ें: ट्रंप के हेलीकॉप्टर और यात्री विमान के बीच टला बड़ा हादसा, जांच शुरू

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share