कर्नाटक में मंत्रियों को मिला विभाग, रामलिंगा रेड्डी को वन, मुनियप्पा को समाज कल्याण
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा किया। रामलिंगा रेड्डी को वन, मुनियप्पा को समाज कल्याण और अजय सिंह को लघु सिंचाई मिली।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल किए गए मंत्रियों के बीच विभागों का आवंटन कर दिया है। राज्य सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार, रामलिंगा रेड्डी को वन एवं पारिस्थितिकी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि केएच मुनियप्पा को समाज कल्याण विभाग मिला है।
अजय सिंह को लघु सिंचाई तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग दिया गया है। वहीं एन. चेलुवरायस्वामी को प्रमुख एवं मध्यम सिंचाई विभाग की जिम्मेदारी मिली है। मधु बंगारप्पा को प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा और बसवराज रायरेड्डी को उच्च शिक्षा विभाग सौंपा गया है। शिवलिंगे गौड़ा को आबकारी विभाग मिला है।
जमीर अहमद खान को आवास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। यूटी खादर को अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं वक्फ तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सौंपे गए हैं। एमबी पाटिल को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग मिला है।
और पढ़ें: कर्नाटक कैबिनेट विस्तार आज, डीके शिवकुमार की टीम में शामिल होंगे 20 नए मंत्री
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने वित्त विभाग अपने पास रखा है। इसके अलावा मंत्रिमंडल मामलों, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार, खुफिया, सूचना, कानून, न्याय एवं मानवाधिकार, संसदीय कार्य और विधायी मामलों सहित कई महत्वपूर्ण विभाग भी मुख्यमंत्री के पास रहेंगे।
लक्ष्मण सावदी को सहकारिता विभाग दिया गया है। रुद्रप्पा लामाणी को चीनी और कपड़ा विभाग, जबकि शिवराज तंगडागी को पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा कन्नड़ एवं संस्कृति विभाग मिला है। टी. रघुमूर्ति को अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग सौंपा गया है।
गौरतलब है कि 3 अगस्त को कर्नाटक मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में 19 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने बेंगलुरु स्थित लोक भवन में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। विभागों के आवंटन के साथ ही नए मंत्रिमंडल के सभी 23 मंत्रियों को अब जिम्मेदारियां मिल गई हैं।
और पढ़ें: कर्नाटक में घर बैठे मिलेंगे जाति और निवास प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार का बड़ा ऐलान