दिल्ली में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, मणिपुर से भारी मात्रा में हथियार बरामद
दिल्ली में केसीपी के शीर्ष उग्रवादी कमांडर की गिरफ्तारी के बाद मणिपुर से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए। एजेंसियां संभावित आतंकी साजिश की जांच कर रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) के प्रमुख कमांडर हाओबिजाम दिलीप सिंह को दिल्ली में एक संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, वह गुप्त बैठक के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा था। इस हाई-रिस्क ऑपरेशन को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, मणिपुर पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर अंजाम दिया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर मणिपुर के काकचिंग इलाके में बड़े पैमाने पर हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह कार्रवाई राज्य में बड़े हिंसक हमले की साजिश को नाकाम करने में अहम साबित हुई है।
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने एके-56 राइफल, अमोघ राइफल, एआई राइफल और स्कोप लगी एम4 राइफल बरामद की। इसके अलावा इंसास, एके, एसएलआर, एम4 और एलएमजी राइफलों की कई खाली मैगजीन भी मिलीं।
और पढ़ें: गाजा में इजरायल का बड़ा हमला, हमास के दो वरिष्ठ कमांडर मार गिराने का दावा
बरामद सामग्री में 51 हाई एक्सप्लोसिव बम, दो पैरा बम, 11 डेटोनेटर और चार लेथोड शेल भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 2,000 जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं, जिनमें अमोघ, इंसास, एके, .303 और एसएलआर राइफलों की गोलियां शामिल हैं।
इसके अलावा विभिन्न रंगों के बैग, तिरपाल, प्लास्टिक बैग और एक रेडमी 13सी मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। मोबाइल फोन में एयरटेल और जियो के सिम कार्ड मिले हैं, जिनकी जांच कर संचार नेटवर्क और संपर्क सूत्रों का पता लगाया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी में एक बड़े उग्रवादी कमांडर की मौजूदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या दिल्ली भी संभावित निशाने पर थी या यह बैठक मणिपुर समेत अन्य क्षेत्रों में उग्रवादी गतिविधियों की योजना बनाने के लिए आयोजित की गई थी। आरोपी के खिलाफ यूएपीए के तहत 12 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
और पढ़ें: होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान पर अमेरिका का नया हमला, सैन्य ठिकाने को बनाया निशाना