हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में पुल ढहा, ट्रक सहित गिरा, CCTV में कैद हुआ भयावह हादसा
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में उरनी क्षेत्र का पुल अचानक ढह गया, जिससे डंपर गिर गया। सीसीटीवी में हादसा कैद हुआ। ओवरलोडिंग को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया गया है।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब उरनी क्षेत्र में स्थित एक लोहे का पुल अचानक कुछ ही सेकंड में ढह गया। हादसे के समय एक डंपर ट्रक पुल पार कर रहा था, जो पुल के साथ ही नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और ट्रक चालक सुरक्षित बच गया।
इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखता है कि एक डंपर ट्रक सुरक्षित रूप से पुल पार कर जाता है, लेकिन जैसे ही दूसरा भारी डंपर पुल पर पहुंचता है, पूरा ढांचा अचानक टूटकर गिर जाता है। ट्रक सीधे नीचे खाई में गिर जाता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल गिरते समय जोरदार धमाके जैसी आवाज आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि अब तक किसी भी तरह की जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। यह चोलिंग ब्रिज किन्नौर, लाहौल-स्पीति और शिमला जिलों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था, जिसके टूटने से तीनों जिलों के बीच यातायात बाधित हो गया है।
सूचना मिलते ही तापरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव व जांच कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं ताकि यात्रियों को परेशानी न हो। अब रामपुर और शिमला से रिकांग पियो, कल्पा और सांगला जाने वाले वाहन चागांव-उरनी लिंक रोड से होकर यात्रा कर सकते हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुल के ऊपर ओवरलोड डंपर (रेत से भरा वाहन) के गुजरने के कारण संरचना कमजोर होकर ढह गई। एनएचएआई के सहायक अभियंता उमेश लार्जू ने बताया कि ओवरलोड वाहनों पर पहले से प्रतिबंध था और चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे।
और पढ़ें: पाकिस्तान के राफेल गिराने के दावे फिर खारिज, IAF दस्तावेज से पुष्टि—36 राफेल पूरी तरह ऑपरेशनल