×
 

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे से बाहर हुए केएल राहुल, कप्तान शुभमन गिल ने बताई वजह

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में केएल राहुल बीमारी के कारण नहीं खेल रहे हैं। कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि उनकी जगह ईशान किशन को प्लेइंग इलेवन में मौका मिला है।

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर खेला जा रहा है। मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा, जब विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल बीमारी के कारण प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए। उनकी जगह टीम में ईशान किशन को शामिल किया गया है।

टॉस के दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इस बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीम में केवल एक बदलाव किया गया है और केएल राहुल अस्वस्थ होने के कारण आज का मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। गिल ने कहा कि अगर टॉस उनके पक्ष में आता तो भारत भी पहले गेंदबाजी करना पसंद करता।

कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि पहले वनडे में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था और खिलाड़ी उसी लय को दूसरे मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहते हैं। उन्होंने विशेष रूप से तेज गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि पहले मैच में गेंदबाजों ने शानदार वापसी की थी और उसी प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश होगी।

और पढ़ें: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटर, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने छह विकेट से शानदार जीत दर्ज कर 1-0 की बढ़त हासिल की थी। उस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 258 रन पर समेट दिया था। जवाब में भारत ने 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

पहले वनडे में कप्तान शुभमन गिल ने 75 गेंदों में शानदार 80 रन बनाए थे, हालांकि बल्लेबाजी के दौरान उन्हें ऐंठन की शिकायत हुई और वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। वहीं, अक्षर पटेल ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट लेने के साथ नाबाद 57 रन बनाए। वाशिंगटन सुंदर ने भी अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा।

इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और साकिब महमूद।

भारत की नजर इस मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर है, जबकि इंग्लैंड बराबरी हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरा है।

और पढ़ें: तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत, वीसीके प्रमुख थोल तिरुमावलवन ने भाजपा-डीएमके गठबंधन की संभावना जताई

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share