कोलकाता में 6 अक्टूबर को उरुग्वे से भिड़ेगी टीम इंडिया, एआईएफएफ ने वेन्यू किया कन्फर्म
एआईएफएफ ने भारत-उरुग्वे मुकाबले के लिए कोलकाता को मेजबान बनाया है। इससे पहले भारतीय टीम 26 सितंबर को बेंगलुरु में पनामा के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी।
कोलकाता में होगा भारत-उरुग्वे मुकाबला
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने पुष्टि की है कि भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम 6 अक्टूबर को कोलकाता में उरुग्वे के खिलाफ बड़ा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबला खेलेगी। यह मैच ब्राजील के खिलाफ होने वाले मुकाबले के तीन दिन बाद आयोजित किया जाएगा।
इससे पहले भारतीय टीम 26 सितंबर को बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में पनामा का सामना करेगी। बेंगलुरु में भारतीय टीम की वापसी लंबे समय बाद होगी। टीम ने यहां आखिरी बार 2023 सैफ चैंपियनशिप के दौरान खेला था, जिसमें भारत ने फाइनल में कुवैत को हराकर खिताब जीता था।
और पढ़ें: ब्राजील से भिड़ंत से पहले पनामा से खेलेगा भारत, 26 सितंबर को होगा फीफा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उरुग्वे के स्टार खिलाड़ी फेडेरिको वाल्वेर्दे, डार्विन नुनेज़, रोनाल्ड अराउहो और मैनुएल उगार्टे भारत दौरे पर आएंगे या नहीं। भारत और उपमहाद्वीप में फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन मुकाबलों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उरुग्वे फिलहाल फीफा रैंकिंग में 20वें स्थान पर है। पिछले विश्व कप में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। मुख्य कोच मार्सेलो बिएल्सा के बाद दिएगो फोर्लान को अंतरिम जिम्मेदारी दी गई है। फोर्लान भारतीय फुटबॉल से भी परिचित हैं और पहले इंडियन सुपर लीग में मुंबई सिटी एफसी के लिए खेल चुके हैं।
पनामा के खिलाफ तैयारी का मौका
फीफा रैंकिंग में 44वें स्थान पर मौजूद पनामा के खिलाफ मुकाबला भारत को ब्राजील और उरुग्वे जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ मैचों की तैयारी का अहम अवसर देगा। भारतीय टीम के मुख्य कोच खालिद जमील के नेतृत्व में तैयारी शिविर कब शुरू होगा, इसकी अभी घोषणा नहीं हुई है।
एआईएफएफ के उपाध्यक्ष और कर्नाटक राज्य फुटबॉल संघ के अध्यक्ष एनए हारिस ने कहा कि बेंगलुरु में भारतीय टीम की वापसी गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांतीरवा स्टेडियम में प्रशंसक एक यादगार माहौल तैयार करेंगे।
बेंगलुरु का भारतीय फुटबॉल से पुराना रिश्ता भी रहा है। 2001 के विश्व कप क्वालीफायर में भारत ने इसी शहर में संयुक्त अरब अमीरात को 1-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी।
और पढ़ें: ब्राजील से भिड़ंत से पहले पनामा से खेलेगा भारत, 26 सितंबर को होगा फीफा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच