कौन हैं लक्ष्मी मित्तल? आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के नए मालिक बने
लक्ष्मी मित्तल ने 1.65 अरब डॉलर में राजस्थान रॉयल्स की 75% हिस्सेदारी खरीदी। स्टील किंग मित्तल वैश्विक उद्योगपति हैं, जिनका कारोबार दुनिया भर में फैला है।
भारतीय मूल के उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स में बड़ी हिस्सेदारी खरीदकर नया इतिहास रच दिया है। मित्तल परिवार ने करीब 1.65 अरब डॉलर (लगभग 15,600 करोड़ रुपये) में इस टीम का अधिग्रहण किया है, जिसमें उनकी 75 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
इस सौदे में लक्ष्मी मित्तल के साथ उनके बेटे आदित्य मित्तल और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख अदार पूनावाला भी शामिल हैं। अदार पूनावाला के पास टीम में 18 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि शेष 7 प्रतिशत हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों, जिनमें मनोज बडाले भी शामिल हैं, के पास बनी रहेगी।
यह सौदा राजस्थान रॉयल्स के अलावा पार्ल रॉयल्स और बारबाडोस रॉयल्स जैसी अन्य टीमों के मूल्यांकन को भी शामिल करता है। हालांकि, इस समझौते को बीसीसीआई, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल से मंजूरी मिलना अभी बाकी है। उम्मीद है कि यह प्रक्रिया इस साल की तीसरी तिमाही तक पूरी हो जाएगी।
और पढ़ें: गुजरात टाइटंस ने RCB को चौंकाया, अहमदाबाद में चार विकेट से शानदार जीत
लक्ष्मी मित्तल को ‘स्टील किंग’ के नाम से जाना जाता है। वे दुनिया की सबसे बड़ी इस्पात कंपनी आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन हैं। राजस्थान के सादुलपुर में जन्मे मित्तल ने अपने करियर की शुरुआत पारिवारिक स्टील कारोबार से की थी। बाद में उन्होंने इंडोनेशिया में एक घाटे में चल रही स्टील कंपनी को सफल बनाकर अपने वैश्विक विस्तार की नींव रखी।
2006 में आर्सेलर और मित्तल स्टील के विलय के बाद उन्होंने विश्व की सबसे बड़ी इस्पात कंपनी बनाई। उनकी कुल संपत्ति अरबों डॉलर में आंकी जाती है और वे दुनिया के सबसे प्रभावशाली उद्योगपतियों में गिने जाते हैं।
और पढ़ें: दिल्ली में IPL मैच के बाद लौट रहे दो चचेरे भाइयों की संदिग्ध हिट-एंड-रन में मौत