×
 

जयंत चौधरी पर अखिलेश के बयान से भड़कीं मायावती, बोलीं- जाट समाज और चौधरी चरण सिंह परिवार से मांगें माफी

जयंत चौधरी पर अखिलेश यादव की टिप्पणी को मायावती ने अमर्यादित और शर्मनाक बताया। उन्होंने अखिलेश से जयंत, चौधरी चरण सिंह परिवार और जाट समाज से माफी मांगने की मांग की।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में अखिलेश यादव के राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ गया है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने अखिलेश यादव की टिप्पणी को अमर्यादित, अशोभनीय और शर्मनाक बताते हुए उन पर तीखा हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी को लेकर कहा था कि हमने इनको चवन्नी से रुपया बना दिया है।” इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने कहा कि अखिलेश यादव को सिर्फ जयंत चौधरी और उनकी पार्टी से ही नहीं, बल्कि चौधरी चरण सिंह के परिवार और जाट समाज से भी माफी मांगनी चाहिए।

मायावती ने समाजवादी पार्टी के राजनीतिक इतिहास और गठबंधन की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का रवैया अपने विरोधियों के साथ-साथ सहयोगी दलों के प्रति भी संकीर्ण और अविश्वसनीय रहा है। उनके अनुसार, इसी कारण सपा के कई गठबंधन लंबे समय तक टिक नहीं सके और इसका राजनीतिक लाभ कई मौकों पर भाजपा को मिला।

और पढ़ें: राजेंद्र पाल गौतम का दावा- कांग्रेस के बिना यूपी में नहीं बन सकता कोई मुख्यमंत्री, अखिलेश पर भी साधा निशाना

सपा-बसपा गठबंधन का भी किया जिक्र

मायावती ने वर्ष 1993 में मुलायम सिंह यादव के साथ सपा-बसपा गठबंधन और बाद में उसके टूटने का जिक्र किया। उन्होंने 1995 के लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस कांड को भी याद किया और आरोप लगाया कि सपा के रवैये के कारण दोनों दलों के बीच संबंध खराब हुए।

उन्होंने कहा कि बाद में अखिलेश यादव के साथ लोकसभा चुनाव में गठबंधन हुआ, लेकिन चुनाव परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आने के बाद वह गठबंधन भी टूट गया। मायावती ने आरोप लगाया कि सपा गठबंधन की राजनीति में स्वार्थी रवैया अपनाती है और राजनीतिक लाभ मिलने के बाद सहयोगी दलों के प्रति अपना रुख बदल लेती है।

मायावती ने लोगों से सपा की कथित संकीर्ण और जातिवादी राजनीति से सावधान रहने की अपील भी की। उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए राजनीतिक नारे पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार इसके अर्थ बदलते रहते हैं।

और पढ़ें: मायावती ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा को बसपा से निकाला, पार्टी विरोधी गतिविधियों का लगाया आरोप

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share