×
 

नीट पेपर लीक विवाद पर प्रदर्शन तेज, हिरासत के बाद राहुल गांधी करेंगे अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस

नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन जारी है। विपक्ष सरकार पर हमलावर है। हिरासत के बाद राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगे की रणनीति बताएंगे।

नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी नई दिल्ली में सियासी घमासान जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से जंतर-मंतर पर किया जा रहा विरोध प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है और प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है।

यह प्रदर्शन अब 32वें दिन में प्रवेश कर चुका है। छात्र संगठन और विपक्षी दल कथित नीट पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है।

इधर, बुधवार को विपक्षी दलों के नेताओं ने संसद के बाहर काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसदों ने छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, वाम दल, राष्ट्रीय जनता दल, तृणमूल कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित कई दलों के नेता शामिल हुए।

और पढ़ें: शिमरॉन हेटमायर और शेरफेन रदरफोर्ड की शानदार पारियों से वेस्टइंडीज ने न्यूज़ीलैंड को हराया

विपक्षी नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उनका आरोप है कि छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।

मंगलवार को घटनाक्रम उस समय तेज हो गया था, जब राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। ये नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर धरना देने पहुंचे थे और सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहे थे।

इससे पहले सोमवार को सीजेपी के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान नई दिल्ली इलाके में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।

अब राहुल गांधी हिरासत के बाद एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। माना जा रहा है कि वह नीट विवाद, पुलिस कार्रवाई और सरकार की भूमिका को लेकर विपक्ष का रुख स्पष्ट करेंगे।

और पढ़ें: भोजशाला के पास वैकल्पिक नमाज स्थल पर मध्य प्रदेश सरकार से जवाब तलब, 24 जुलाई को होगी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share