बांकीपुर उपचुनाव परिणाम से पहले प्रशांत किशोर का आरोप, भाजपा के इशारे पर 54 जन सुराज समर्थकों को अवैध रूप से हिरासत में लिया गया
जन सुराज ने बांकीपुर उपचुनाव में 54 समर्थकों को अवैध हिरासत में लेने का आरोप लगाया। प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग से शिकायत कर पुलिस पर भाजपा के दबाव में कार्रवाई करने का दावा किया।
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पटना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदान से पहले उनकी पार्टी के 54 नेताओं और समर्थकों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर अवैध रूप से हिरासत में लिया गया। इस मामले में जन सुराज ने भारत निर्वाचन आयोग से औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के. शर्मा ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर बाहरी लोगों को हिरासत में लेने का दावा किया था, जबकि पार्टी के पास ऐसे साक्ष्य हैं कि हिरासत में लिए गए कई लोग बांकीपुर के स्थानीय निवासी थे। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने न तो भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 (पूर्व में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144) का उल्लंघन किया और न ही किसी प्रकार की अशांति फैलाई।
प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसे कई स्थानीय लोगों को भी मीडिया के सामने पेश किया, जिनके अनुसार उन्हें या उनके परिजनों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 54 में से 18 से अधिक लोग बांकीपुर के स्थायी निवासी थे और वे अपने घरों में मौजूद थे, फिर भी उन्हें उठाकर ले जाया गया।
और पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर ने हलफनामे में घोषित की 96 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति
उन्होंने एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा को "अक्षम, पक्षपाती और राजनीतिक रूप से प्रेरित" बताते हुए आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी राजनीति करना चाहता है तो उसे पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
प्रशांत किशोर ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, जबकि विपक्षी समर्थकों को चुन-चुनकर हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत सामान्य पर्यवेक्षक और पुलिस पर्यवेक्षक को भी दी गई है तथा अगले दो दिनों में वह स्वयं नई दिल्ली जाकर निर्वाचन आयोग से मुलाकात करेंगे। यदि वहां भी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।
इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। मंदिरी क्षेत्र के निवासी नवल किशोर गुप्ता ने दावा किया कि पुलिस उन्हें रात दो बजे घर से उठाकर ले गई, जबकि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया था। वहीं जन सुराज समर्थक निभा भूषण ने आरोप लगाया कि मतदान के दिन उनके घर में कुछ लोग जबरन घुस आए और उन्हें धमकाया गया।
गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को हुआ था। इस चुनाव में प्रशांत किशोर भी उम्मीदवार हैं, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।