×
 

पुणे इमारत हादसा: एनडीआरएफ ने अब तक 9 लोगों को जिंदा निकाला, मलबे में कई और लोगों के फंसे होने की आशंका

पुणे के मोशी में इमारत ढहने के बाद एनडीआरएफ ने नौ लोगों को सुरक्षित निकाला है। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है और बचाव अभियान लगातार जारी है।

महाराष्ट्र के पुणे जिले के मोशी इलाके में इमारत ढहने की घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रहा है। अब तक एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीम ने मलबे से नौ लोगों को जीवित बाहर निकाल लिया है, जबकि स्थानीय लोगों के अनुसार अभी भी कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

एनडीआरएफ की 5वीं बटालियन के कमांडेंट एस.बी. सिंह के मार्गदर्शन और सहायक कमांडेंट प्रवीण धाट की मौके पर निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य पूरी रात जारी रहा। विशेष बचाव उपकरणों और तकनीकी खोज प्रणाली की मदद से मलबे में फंसे लोगों को खोजने का प्रयास किया जा रहा है।

यह हादसा बुधवार दोपहर उस समय हुआ, जब पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) के सहयोग से संचालित एंटनी लारा रिन्यूएबल एनर्जी के 14 मेगावाट वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट के परिसर में स्थित तीन मंजिला इमारत पर पुराने कचरे का विशाल ढेर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में कई कर्मचारी दब गए।

और पढ़ें: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर भारत चिंतित, अमेरिका-ईरान टकराव के बीच बातचीत और कूटनीति पर दिया जोर

नगर निगम के अनुसार, शुरुआत में 23 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका थी। इनमें से पांच लोग स्वयं बाहर निकल आए, जबकि बाद में संयुक्त बचाव अभियान के दौरान कई अन्य लोगों को सुरक्षित निकाला गया। राहत कार्य में एनडीआरएफ, भारतीय सेना, नगर निगम की अग्निशमन सेवा, पीएमआरडीए फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से जुटे हुए हैं।

पिंपरी-चिंचवड़ नगर आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पुराने कचरे का पहाड़ ढीला पड़ गया और भूस्खलन की तरह इमारत पर आ गिरा। वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने घटनास्थल का दौरा कर बताया कि मलबे में फंसे तीन लोगों से संपर्क स्थापित हो गया है। उनके पैरों पर मलबा गिरा हुआ है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ लगातार अभियान चला रही हैं।

और पढ़ें: आग लगाकर तीसरी मंजिल से कूदी 23 वर्षीय महिला की मौत, बच्चे की कस्टडी को लेकर तनाव में थी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share