×
 

राम मंदिर दान चोरी मामले पर बोले महंत नृत्य गोपाल दास, कहा- जिसने यह पाप किया उसे मिले कड़ी से कड़ी सजा

राम मंदिर दान चोरी मामले पर महंत नृत्य गोपाल दास ने कड़ी कार्रवाई की मांग की। ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर फैसला संभव है।

अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने राम मंदिर में कथित दान चोरी मामले पर पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। सोमवार (6-07-2026) को होने वाली ट्रस्ट की अहम बैठक से पहले उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि श्री रामलला सरकार के मंदिर में श्रद्धालुओं के दान की चोरी अत्यंत दुखद और करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा, "जिस किसी ने भी यह पाप किया है, उसे कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। मुझे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास है कि इस पाप में शामिल हर व्यक्ति को कानून के अनुसार दंड मिलेगा।"

उन्होंने इस मामले का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिशों पर भी चिंता जताई। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति निजी स्वार्थ के लिए इस मुद्दे पर राजनीति न करे, क्योंकि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है।

और पढ़ें: महाकुंभ के दौरान राम मंदिर में सबसे अधिक हुई दान चोरी, जांच में कई बड़े खुलासे

इधर, सोमवार को होने वाली श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा द्वारा दिए गए इस्तीफों पर निर्णय लिया जा सकता है। दान चोरी का मामला सामने आने के बाद दोनों ने अपने इस्तीफे सौंपे थे, लेकिन अभी तक उन्हें स्वीकार नहीं किया गया है।

बैठक में मंदिर के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर भी विचार किया जा सकता है।

गौरतलब है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन फरवरी 2020 में उच्चतम न्यायालय के नवंबर 2019 के अयोध्या भूमि विवाद संबंधी फैसले के बाद किया गया था। शुरुआत में ट्रस्ट में 15 सदस्य थे, लेकिन एक सदस्य के निधन के बाद वर्तमान में 14 सदस्य हैं। ट्रस्ट की बैठक सामान्यतः हर तीन महीने में आयोजित की जाती है। पिछली बैठक 21 मार्च को राम नवमी की तैयारियों की समीक्षा के लिए हुई थी।

और पढ़ें: दलाई लामा के 91वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं, शांति और मानवता के संदेश को बताया प्रेरणास्रोत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share