14 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी श्रेय पारिख ने जीती स्क्रिप्स स्पेलिंग बी 2026 प्रतियोगिता
कैलिफोर्निया के 14 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी छात्र श्रेय पारिख ने स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी 2026 प्रतियोगिता जीती। उन्होंने 90 सेकंड में 32 शब्द सही लिखकर खिताब अपने नाम किया।
भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। कैलिफोर्निया के 14 वर्षीय छात्र श्रेय पारिख ने प्रतिष्ठित स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी 2026 प्रतियोगिता जीत ली है। श्रेय ने फाइनल राउंड में न्यू जर्सी के ईशान गुप्ता को हराकर यह खिताब अपने नाम किया।
वॉशिंगटन स्थित डीएआर कॉन्स्टिट्यूशन हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता में श्रेय पारिख ने 90 सेकंड के भीतर 32 शब्दों की सही स्पेलिंग बताकर निर्णायकों को प्रभावित किया। उनकी शानदार प्रदर्शन क्षमता और आत्मविश्वास ने उन्हें प्रतियोगिता का विजेता बना दिया।
श्रेय पारिख इससे पहले वर्ष 2024 में भी प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचे थे। इस बार जीत हासिल करने के बाद उन्हें 50 हजार अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि, प्रतिष्ठित स्क्रिप्स कप, एक स्मारक पदक, मेरियम-वेबस्टर की ओर से 2,500 डॉलर, डेल्टा एयरलाइंस के 1,000 डॉलर के फ्लाइट क्रेडिट और एनसाइक्लोपीडिया ब्रिटानिका की ओर से 400 डॉलर मूल्य की संदर्भ सामग्री प्रदान की गई।
और पढ़ें: एंथ्रोपिक की वैल्यूएशन पहुंची लगभग एक ट्रिलियन डॉलर, ओपनएआई को छोड़ा पीछे
यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता सोमवार को शुरू हुई थी। इसमें अमेरिका के सभी 50 राज्यों के अलावा डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया, गुआम, प्यूर्टो रिको, यूएस वर्जिन आइलैंड्स और यूरोप स्थित डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस स्कूलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही बहामास, कनाडा, घाना, नाइजीरिया और संयुक्त अरब अमीरात सहित पांच अन्य देशों के छात्र भी प्रतियोगिता में शामिल हुए।
स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी को दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित भाषा और शब्द प्रतियोगिताओं में गिना जाता है। भारतीय मूल के कई छात्र पहले भी इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। श्रेय पारिख की इस उपलब्धि ने एक बार फिर भारतीय-अमेरिकी समुदाय का नाम रोशन किया है।
और पढ़ें: पंजाब नगर निकाय चुनाव परिणाम : शुरुआती रुझानों में आप आगे, समराला के वार्ड नंबर 8 में भाजपा की जीत