श्रेयस अय्यर के तूफानी शतक से पंजाब की बड़ी जीत, प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार
श्रेयस अय्यर के नाबाद 101 रन और प्रभसिमरन सिंह की शानदार पारी से पंजाब किंग्स ने लखनऊ को हराकर आईपीएल 2026 प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखीं।
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने शानदार वापसी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। लगातार छह हार के बाद टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 101 रन बनाकर टीम को यादगार जीत दिलाई।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 196 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अर्शिन कुलकर्णी तथा निकोलस पूरन जल्दी आउट हो गए। इसके बाद जोश इंग्लिस और आयुष बडोनी ने पारी संभाली।
आयुष बडोनी ने मात्र 18 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि जोश इंग्लिस ने 44 गेंदों में 72 रनों की शानदार पारी खेली। अंत में अब्दुल समद ने 20 गेंदों पर 37 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। पंजाब की ओर से युजवेंद्र चहल और मार्को यानसेन ने दो-दो विकेट लिए।
और पढ़ें: रूस के कब्जे वाले शहर में कॉलेज पर यूक्रेनी हमला, 18 लोगों की मौत
197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।
श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों पर 69 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। दोनों के बीच 140 रनों की साझेदारी ने मैच पूरी तरह पंजाब के पक्ष में कर दिया।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है और उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें अब भी कायम हैं।
और पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र में परमाणु अप्रसार संधि समीक्षा सम्मेलन बेनतीजा समाप्त, अमेरिका-ईरान विवाद बना कारण