×
 

सिया गोयल के परिवार की मसाला दुकान सील, एफडीए ने 8 लाख रुपये से ज्यादा का सामान किया जब्त

महाराष्ट्र एफडीए ने सिया गोयल के परिवार की मसाला दुकान पर कार्रवाई करते हुए 8.14 लाख रुपये का स्टॉक जब्त किया और नियमों के उल्लंघन पर दुकान बंद करने का आदेश दिया।

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पुणे में स्थित एक मसाला और ड्राई फ्रूट्स की दुकान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यह दुकान सिया गोयल के परिवार की बताई जा रही है, जो पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी हैं। एफडीए ने जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन और मिलावट की आशंका के चलते दुकान को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है।

एफडीए अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई पुणे शहर के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित एम/एस बी.जी. गोयल एंड कंपनी पर की गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने खाद्य उत्पादों के चार नमूने लिए, जिनमें संत’ और ‘साधु’ ब्रांड की हल्दी पाउडर, तिल और सोयाबीन चंक्स शामिल थे।

छापेमारी के दौरान एफडीए टीम ने कुल 4,172 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8.14 लाख रुपये बताई गई है। जब्त किए गए सामान में 598 किलोग्राम एक ब्रांड की हल्दी, 1,258 किलोग्राम दूसरे ब्रांड की हल्दी, 538 किलोग्राम तिल और 1,778 किलोग्राम सोया मिनी चंक्स शामिल हैं।

और पढ़ें: भारत में बैन होगा जानलेवा पैराक्वाट डाइक्लोराइड, खेतों में इस्तेमाल होने वाला यह केमिकल कितना खतरनाक है?

अधिकारियों ने बताया कि जांच में खाद्य उत्पादों के लेबल से जुड़े नियमों का पालन न करने और संभावित मिलावट की आशंका सामने आई। इसके अलावा दुकान के लाइसेंस रिकॉर्ड भी निर्धारित नियमों के अनुसार अपडेट नहीं पाए गए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दुकान को अगले आदेश तक कारोबार बंद रखने का निर्देश दिया गया।

एफडीए अधिकारी ने कहा कि उल्लंघनों को देखते हुए संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया है और आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।

इस बीच, केतन अग्रवाल हत्या मामले की जांच भी जारी है। पुणे ग्रामीण पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम इस मामले में राजस्थान पहुंची है। जांच में सामने आया था कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) पिछले साल दिसंबर में राजस्थान गए थे।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दोनों के कुछ संदेश मिले थे, जिनसे उनके राजस्थान के एक मंदिर में गुपचुप शादी करने की संभावना जताई गई थी। पुलिस टीम ने मंदिर जाकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन कोई निर्णायक सबूत नहीं मिल सका।

गौरतलब है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के दौरान सिया के मंगेतर केतन अग्रवाल (25) को कथित रूप से खाई में धक्का दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। मामले की जांच अभी जारी है।

और पढ़ें: यूपी में बुजुर्गों और दिव्यांगों को घर बैठे मिलेगा मुफ्त राशन, योगी सरकार का बड़ा फैसला

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share