×
 

फीफा विश्व कप 2026: दक्षिण अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को हराकर रचा इतिहास, अब कनाडा से होगी भिड़ंत

दक्षिण अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में प्रवेश किया। अब उसका मुकाबला कनाडा से होगा।

फीफा विश्व कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब उसका सामना कनाडा से होगा, जिसने ग्रुप बी में उपविजेता के रूप में अगले दौर में प्रवेश किया है।

'बाफाना बाफाना' के नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीकी टीम ने ग्रुप ए के अपने अंतिम मुकाबले में दक्षिण कोरिया को कड़ी टक्कर देते हुए हराया। इस जीत के साथ टीम ने चार अंक हासिल कर ग्रुप में दूसरा स्थान प्राप्त किया। दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप चरण में कुल तीन मैच खेले, जिनमें उसे मेक्सिको के खिलाफ हार मिली, चेक गणराज्य के खिलाफ मैच ड्रॉ रहा और दक्षिण कोरिया के खिलाफ जीत हासिल हुई।

मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों ने एक-दूसरे को गोल करने के बहुत कम अवसर दिए। मैच के 63वें मिनट में थापेलो मासेको ने दक्षिण अफ्रीका के लिए निर्णायक गोल दागा, जिसने टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। यही गोल अंत तक मैच का फैसला साबित हुआ।

और पढ़ें: कोलंबिया ने नॉकआउट में बनाई जगह, फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में पहुंचीं सात टीमें

जीत के बाद दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। टीम के मुख्य कोच ह्यूगो ब्रूस ने कहा कि इस ऐतिहासिक जीत को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों की मेहनत का यह शानदार परिणाम है।

गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका 1998, 2002 और 2010 विश्व कप में ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई थी। 2010 में उसने मेजबान होने के बावजूद नॉकआउट चरण में जगह नहीं बना पाई थी।

वहीं, ग्रुप ए में मेक्सिको शीर्ष पर रहा। टीम ने अपने सभी तीन मुकाबले जीते और अंतिम मैच में चेक गणराज्य को 3-0 से हराकर नौ अंकों के साथ ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया।

और पढ़ें: फीफा विश्व कप में मेसी से मुकाबले की संभावना पर बोले रोनाल्डो, कहा- यह शानदार होगा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share