बांग्लार जन्नो दीदीर 10 प्रतिज्ञा : ममता बनर्जी ने जारी किया टीएमसी का चुनावी घोषणा पत्र
ममता बनर्जी ने टीएमसी का घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें 10 वादे शामिल हैं। महिलाओं, युवाओं, किसानों और बुनियादी सुविधाओं पर जोर देते हुए भाजपा पर साजिश के आरोप लगाए।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। ‘बांग्लार जन्नो दीदीर 10 प्रतिज्ञा’ नाम से जारी इस घोषणापत्र में उन्होंने सत्ता में वापसी पर 10 प्रमुख वादे पूरे करने का भरोसा दिया।
ममता बनर्जी ने कहा कि ये प्रतिज्ञाएं राज्य के समग्र विकास को आगे बढ़ाने में मदद करेंगी। उन्होंने केंद्र की भारतीय जनता पार्टीऔर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप भी लगाया।
घोषणापत्र के प्रमुख वादों में ‘लक्ष्मीर भंडार’ योजना के तहत महिलाओं को बढ़ी हुई आर्थिक सहायता देना शामिल है, जिसमें सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये और अनुसूचित जाति/जनजाति की महिलाओं को 1700 रुपये प्रति माह मिलेंगे। ‘बांग्लार युवा-साथी’ योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता जारी रहेगी।
और पढ़ें: ममता बनर्जी को सलाह देने का कोई अधिकार नहीं: दिलीप घोष का हमला, चुनाव आयोग पर जताया भरोसा
इसके अलावा, 30,000 करोड़ रुपये का कृषि बजट, हर परिवार को पक्का घर, हर घर में पाइप से पीने का पानी, और ‘दुआरे चिकित्सा’ शिविरों के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं देने का वादा किया गया है। सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार, बंगाल को पूर्वी भारत का व्यापारिक केंद्र बनाना, वृद्धावस्था पेंशन का विस्तार और सात नए जिलों के गठन की योजना भी शामिल है।
ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला जारी रखते हुए आरोप लगाया कि राज्य में “अघोषित राष्ट्रपति शासन” लागू है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार और भारत का चुनाव आयोग आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए परिसीमन की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने जनगणना और एनआरसी के जरिए नागरिकता छीनने की साजिश का भी आरोप लगाया और कहा कि बंगाल की जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।
और पढ़ें: बंगाल विधानसभा चुनाव: TMC ने 291 उम्मीदवारों की सूची जारी की; ममता बनर्जी भवानीपुर से लड़ेंगी