वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, दलीप ट्रॉफी में 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में 92 रन की शानदार पारी खेलकर 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया और ईस्ट ज़ोन को मजबूत शुरुआत दिलाई।
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-1 पर खेले जा रहे मुकाबले में सेंट्रल ज़ोन के खिलाफ ईस्ट ज़ोन की ओर से खेलते हुए 15 वर्षीय बल्लेबाज ने 92 रनों की विस्फोटक पारी खेली और 57 साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल ज़ोन की टीम 266 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में ईस्ट ज़ोन की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने टीम को मजबूत आधार दिया। सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
अपना अर्धशतक पूरा करते ही वैभव ने दलीप ट्रॉफी के इतिहास में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने यह उपलब्धि 15 वर्ष 157 दिन की उम्र में हासिल की। इससे पहले यह रिकॉर्ड लक्ष्मण सिंह के नाम था, जिन्होंने 1969 में 16 वर्ष 23 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाया था।
और पढ़ें: भारत के खिलाफ श्रीलंका की पारी संभली, दिनुशा-केशारा क्रीज पर डटे; भारत को विकेट की तलाश
वैभव ने केवल 81 गेंदों में 92 रन बनाए और अपनी टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
गौरतलब है कि पिछले मैच में नॉर्थ ईस्ट ज़ोन के खिलाफ वैभव सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए थे, जिसके बाद उनकी आलोचना भी हुई थी। हालांकि उन्होंने उस मुकाबले में गेंदबाजी से दो विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया था। ईस्ट ज़ोन ने वह मैच पारी और 210 रन से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
अब सेंट्रल ज़ोन के खिलाफ शानदार 92 रन की पारी खेलने के बाद वैभव सूर्यवंशी से दूसरी पारी में भी बड़ी उम्मीदें होंगी। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस युवा खिलाड़ी पर टिकी हैं, जो अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने और खिताब दिलाने का सपना साकार करने की कोशिश करेगा।
और पढ़ें: एमएस धोनी की कप्तानी में गेंदबाज खुद को कैसे सशक्त महसूस करते हैं? सिमरजीत सिंह ने बताया