IND vs IRE: वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू फिर टला, सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव को मिला मौका
भारत ने दूसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं दिया। सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव ने डेब्यू किया। सीरीज बचाने के लिए भारत को हर हाल में जीत चाहिए।
भारत और आयरलैंड के बीच बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले जा रहे दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू एक बार फिर टल गया। भारतीय टीम प्रबंधन ने लगातार दूसरे मैच में भी उन्हें अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उन्होंने कहा कि मौसम को देखते हुए पहले गेंदबाजी करना बेहतर विकल्प है, क्योंकि कभी भी बारिश हो सकती है और टीम परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहती है।
भारतीय टीम ने पहले टी20 मुकाबले में मिली 34 रन की हार के बाद प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। युवा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे और तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला है। दोनों खिलाड़ियों को पहली बार भारत की टी20 टीम में खेलने का अवसर मिला।
और पढ़ें: अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में भारत की नजर क्लीन स्वीप पर, नितीश कुमार रेड्डी की वापसी
श्रेयस अय्यर ने सूर्यांश शेडगे की तारीफ करते हुए कहा कि वह आक्रामक बल्लेबाज हैं और घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने युवा क्रिकेट और इंडिया-ए दौरों में भी लगातार अच्छा खेल दिखाया है, जिसके कारण उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका मिला है।
भारत ने इस मुकाबले में सलामी बल्लेबाजों के रूप में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पर भरोसा कायम रखा है, जबकि ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे।
भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। पहले मैच में हार के बाद टीम इंडिया सीरीज में 0-1 से पीछे है। ऐसे में यदि भारत को सीरीज बराबरी पर समाप्त करनी है तो उसे यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। वहीं, आयरलैंड की टीम ऐतिहासिक सीरीज जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरी है।
और पढ़ें: भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा, मल्लानपुर टेस्ट में एकतरफा जीत