एशियन गेम्स 2026 से बाहर हुए वरुण सान्याल, वजन घटाने की कोशिश के दौरान सॉना में बेहोश
एमएमए फाइटर वरुण सान्याल वजन घटाने के दौरान सॉना में बेहोश हो गए। चिकित्सकीय रूप से अनफिट घोषित होने के बाद उन्होंने एशियन गेम्स 2026 से नाम वापस लिया।
भारत के स्टार एमएमए फाइटर वरुण सान्याल को एशियन गेम्स 2026 में प्रतियोगिता के लिए चिकित्सकीय रूप से अनफिट घोषित कर दिया गया है। वजन कम करने की कोशिश के दौरान सॉना में बेहोश होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।
वरुण सान्याल को पुरुषों के पारंपरिक 77 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हिस्सा लेना था। हालांकि, वेट-इन प्रक्रिया के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सान्याल वजन कम करने के लिए सॉना में गए थे, जहां वह बेहोश होकर गिर पड़े। नेपाल के एक खिलाड़ी ने उन्हें वहां देखा और जगाया। इसके बाद वरुण ने एमएमए स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारियों से संपर्क किया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
और पढ़ें: भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से हराया, एशियन गेम्स क्रिकेट के फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम
एमएमए स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष निखिल कुंदेरा ने बताया कि वरुण की हालत स्थिर है और चिंता की कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने बताया कि इलाज के बाद वरुण को करीब रात तीन बजे वापस क्रूज पर लाया गया।
दस्तावेजों के अनुसार, सॉना लेने के करीब 30 मिनट बाद वरुण को चक्कर आने और मांसपेशियों में ऐंठन की शिकायत हुई थी।
आईओए ने जारी किया बयान
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने भी वरुण की स्थिति पर बयान जारी किया। आईओए के अनुसार, वरुण को सॉना में रहने के दौरान पूरे शरीर में ऐंठन और दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उनका चिकित्सकीय परीक्षण और एहतियाती रक्त जांच कराई गई, जिनके परिणाम सामान्य रहे।
आईओए ने कहा कि आराम करने के बावजूद अगली सुबह वरुण खुद को कॉम्बैट स्पोर्ट्स में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह फिट महसूस नहीं कर रहे थे। कोच से सलाह लेने के बाद उन्होंने चिकित्सकीय आधार पर प्रतियोगिता से हटने का फैसला किया।
एशियन गेम्स 2026 में भारत की ओर से दो एमएमए खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। वरुण के अलावा सुचिका तारियाल ने महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में क्वार्टर फाइनल जीतकर भारत के लिए पदक पक्का किया है। अब वह सेमीफाइनल में मुकाबला करेंगी।