पश्चिम बंगाल बजट 2026: महिलाओं, कर्मचारियों और युवाओं के लिए बड़े ऐलान, DA बढ़ा 38% तक
पश्चिम बंगाल बजट 2026 में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, 38% DA, 1 लाख नौकरियां और कई विकास योजनाओं की घोषणा की गई है। सरकार ने बड़े सुधारों का वादा किया है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने वित्त वर्ष 2026 के बजट में कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं और आम जनता के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि राज्य को “दुर्नीतिमुक्त और स्वच्छ प्रशासन” की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
बजट की सबसे बड़ी घोषणा महिलाओं के लिए रही। राज्य में अन्नपूर्णा भंडार योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए सरकारी बसों में यात्रा पूरी तरह मुफ्त कर दी गई है, जिसके लिए विशेष पिंक कार्ड जारी किए जाएंगे।
सरकारी कर्मचारियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। पहले यह 18 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 38 प्रतिशत हो गया है। इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनधारकों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा विधायकों का विकास फंड 70 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
और पढ़ें: मोहम्मद सलाह की चमक से मिस्र ने न्यूजीलैंड को हराया, विश्व कप नॉकआउट की उम्मीदें मजबूत
बजट में 1 लाख नई सरकारी नौकरियों की घोषणा की गई है, जिनमें 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। साथ ही 50 हजार शिक्षकों और 20 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती का प्रस्ताव भी रखा गया है।
सरकार ने प्रशासन को डिजिटल बनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देने की योजना भी पेश की है। इसके साथ ही एक नया पुलिस जिला, सात नए फायर ब्रिगेड केंद्र और “आपकी सरकार आपके द्वार” हेल्पलाइन सेवा को मजबूत करने की घोषणा की गई है।
गरीबों के लिए चल रही “मां कैंटीन” योजना का विस्तार किया जाएगा, जहां 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाता है। सिविक वॉलेंटियर्स और ग्रीन पुलिस के वेतन में भी वृद्धि की गई है।
अन्य प्रमुख घोषणाओं में डिलीवरी वर्कर्स के लिए वेलफेयर कमिटी, पूर्वी मेदिनीपुर में डीप-सी पोर्ट, कल्याणी के पास नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और पत्रकारों व विशेष वर्गों के लिए पेंशन योजनाएं शामिल हैं।
और पढ़ें: कांग्रेस बनाम थरूर फिर आमने-सामने, कश्मीर पर टिप्पणी को लेकर पार्टी में नई नाराज़गी