×
 

यास्तिका भाटिया और शिखा पांडे का शानदार प्रदर्शन, ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने जीत से किया डब्ल्यूसीपीएल का आगाज

ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने डब्ल्यूसीपीएल के पहले मुकाबले में बारबाडोस ट्राइडेंट्स को 21 रन से हराया। यास्तिका भाटिया ने 35 रन और शिखा पांडे ने तीन विकेट लिए।

ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूसीपीएल) के अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की। ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल में खेले गए मुकाबले में ट्रिनबागो ने गत चैंपियन बारबाडोस ट्राइडेंट्स को 21 रन से हराया। भारत की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी यास्तिका भाटिया और शिखा पांडे इस जीत की प्रमुख नायिकाएं रहीं।

ट्रिनबागो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 155 रन बनाए। यास्तिका ने अपने डब्ल्यूसीपीएल पदार्पण मुकाबले में 28 गेंदों पर 35 रन की संयमित पारी खेली। उन्होंने छह चौके लगाए। उनके साथ लॉरा हैरिस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर 38 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े।

यास्तिका के आउट होने के बाद ट्रिनबागो का मध्यक्रम दबाव में आ गया और टीम 93/2 से 133/6 पर पहुंच गई। मैडलीन पेन्ना ने 21 गेंदों पर 27 रन बनाकर टीम को 155 रन तक पहुंचाने में मदद की।

और पढ़ें: दिल्ली इमारत हादसा: मृतकों की संख्या तीन हुई, सीएम रेखा गुप्ता ने एम्स का दौरा किया

लक्ष्य का पीछा करते हुए बारबाडोस की शुरुआत अच्छी रही। हेली मैथ्यूज और कियाना जोसेफ ने 40 रन जोड़े। किरण नवगिरे ने 21 गेंदों पर 28 और मैडी ग्रीन ने 16 गेंदों पर 24 रन बनाए। हालांकि, 13वें ओवर के बाद मैच का रुख बदल गया।

शिखा पांडे ने हेली मैथ्यूज को 19 रन पर आउट करने के बाद नैजानी कंबरबैच और एफी फ्लेचर को भी पवेलियन भेज दिया। उन्होंने 3.4 ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लिए और दो कैच भी पकड़े। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

डिएंड्रा डॉटिन और समारा रामनाथ ने दो-दो विकेट लेकर बारबाडोस की पारी 134 रन पर समेट दी। भारत की पूजा वस्त्राकर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उन्होंने गेंदबाजी में 23 रन दिए और बल्लेबाजी में सिर्फ दो रन बनाए।

और पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पर फर्जी वीडियो साझा करने को लेकर अभिजीत दिपके घिरे, दी सफाई

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share