प्राइम वीडियो पर आएंगे 100 से ज्यादा कोरियाई शो, यूमीज़ सेल्स 3 से माय डियरेस्ट नेमेसिस तक मिलेगा भरपूर मनोरंजन
प्राइम वीडियो इंडिया अगले दो वर्षों में 100 से अधिक कोरियाई शो स्ट्रीम करेगा। ये सभी प्राइम सदस्यता में बिना अतिरिक्त शुल्क के हिंदी समेत कई भाषाओं में उपलब्ध होंगे।
प्राइम वीडियो इंडिया ने कोरिया की प्रमुख मनोरंजन कंपनी सीजे ईएनएम के साथ बहुवर्षीय वितरण समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत अगले दो वर्षों में भारतीय दर्शकों के लिए 100 से अधिक कोरियाई शो और सीरीज उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें 26 बिल्कुल नई सीरीज भी शामिल होंगी। खास बात यह है कि इन सभी कार्यक्रमों को देखने के लिए प्राइम सदस्यों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
नई सूची में कई चर्चित कोरियाई ड्रामा शामिल हैं, जिनमें ‘यूमीज़ सेल्स सीज़न 3’, ‘द लीजेंड ऑफ किचन सोल्जर’, ‘माय बायस, माय बॉस’ और ‘फाइलिंग फॉर लव’ प्रमुख हैं। इसके अलावा दर्शकों को लोकप्रिय लाइब्रेरी टाइटल्स जैसे ‘डियर एक्स’, ‘लॉ इन द सिटी’, ‘स्टडी ग्रुप’, ‘माय डियरेस्ट नेमेसिस’, ‘सर्च: डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू’ और ‘यूमीज़ सेल्स’ के पहले दो सीज़न भी देखने को मिलेंगे।
इन सभी कोरियाई कार्यक्रमों को अंग्रेज़ी सबटाइटल्स के साथ-साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु डबिंग में भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि भारत के विभिन्न भाषाई क्षेत्रों के दर्शक आसानी से इनका आनंद ले सकें।
और पढ़ें: सत्यजीत रे की अपु ट्रिलॉजी के मुरीद हुए क्रिस्टोफर नोलन, बोले- पाथेर पांचाली ने मेरा नजरिया बदल दिया
प्राइम वीडियो इंडिया की एसवीओडी बिजनेस प्रमुख शिलांगी मुखर्जी ने कहा कि भारत में कोरियाई कंटेंट की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दमदार कहानियां, अलग-अलग शैली और प्रभावशाली किरदारों ने के-कंटेंट को वैश्विक पहचान दिलाई है। इसी बढ़ती मांग को देखते हुए यह साझेदारी और मजबूत की गई है।
प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट लाइसेंसिंग प्रमुख मनीष मेंघानी ने कहा कि भारतीय दर्शकों में कोरियाई ड्रामा को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। वहीं, सीजे ईएनएम के प्लेटफॉर्म डिवीजन के कार्यकारी उपाध्यक्ष जांगहो सियो ने कहा कि भारत जैसे बड़े मनोरंजन बाजार में अपनी लोकप्रिय कहानियों को नए दर्शकों तक पहुंचाने के लिए यह साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
प्राइम वीडियो ने बताया कि इन सभी नई सीरीज और फिल्मों की रिलीज़ की विस्तृत तारीखों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। भारतीय दर्शकों के लिए यह समझौता अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन की दुनिया में एक बड़ा विस्तार माना जा रहा है।