×
 

कार्लोस अल्काराज़ ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 जीता, जोकोविच को हराकर बने करियर ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी

कार्लोस अल्काराज़ ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 जीतकर नोवाक जोकोविच को हराया। 22 वर्ष की उम्र में उन्होंने करियर ग्रैंड स्लैम पूरा कर इतिहास रच दिया।

स्पेन के युवा टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज़ ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का खिताब जीतकर टेनिस इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया। रविवार को मेलबर्न पार्क में खेले गए पुरुष एकल फाइनल में 22 वर्षीय अल्काराज़ ने दिग्गज नोवाक जोकोविच को चार सेटों के रोमांचक मुकाबले में 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से हराया और पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन ट्रॉफी अपने नाम की।

मैच की शुरुआत में अनुभवी जोकोविच ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए पहला सेट जीत लिया। हालांकि इसके बाद अल्काराज़ ने शानदार वापसी की और मैच पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लिया। उनकी आक्रामक बेसलाइन खेल, सटीक सर्विस और बेहतरीन मूवमेंट ने जोकोविच को लगातार दबाव में रखा।

तीन घंटे और दो मिनट तक चले इस मुकाबले में अल्काराज़ ने संयम और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए अपने करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल की। यह जोकोविच के खिलाफ ग्रैंड स्लैम फाइनल में उनकी तीसरी जीत रही। इस खिताबी जीत के साथ अल्काराज़ ने करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया और 22 वर्ष की उम्र में ऐसा करने वाले वह दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।

और पढ़ें: ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष फाइनल: जोकोविच के लिए पूरा सम्मान, लेकिन नडाल ने अल्काराज़ को बताया खिताब का दावेदार

इस जीत के बाद अल्काराज़ के नाम अब कुल सात ग्रैंड स्लैम एकल खिताब हो गए हैं। वह टेनिस इतिहास के केवल नौवें खिलाड़ी हैं जिन्होंने करियर ग्रैंड स्लैम का गौरव हासिल किया है। इससे पहले आखिरी बार यह उपलब्धि खुद नोवाक जोकोविच ने 2016 में फ्रेंच ओपन जीतकर हासिल की थी।

इसके अलावा, अल्काराज़ सात ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले भी सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में दिग्गज ब्योर्न बोर्ग का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 23 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। अल्काराज़ की यह जीत पुरुष टेनिस के नए युग की मजबूत दस्तक मानी जा रही है।

और पढ़ें: विंटेज जोकोविच ने सिनर को हराकर रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में अल्काराज से भिड़ेंगे

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share