×
 

FASTag Local Pass की सुविधा देशभर के 121 टोल प्लाजा तक बढ़ी, जानें नियम

एनएचएआई ने FASTag Local Pass की सुविधा 121 टोल प्लाजा तक बढ़ाई है। 20 किलोमीटर दायरे में रहने वाले पात्र वाहन मालिक राजमार्ग यात्रा के लिए ऑनलाइन पास ले सकेंगे।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी सुविधा सामने आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने FASTag Local Pass की ऑनलाइन सुविधा का विस्तार करते हुए इसे देशभर के 121 टोल प्लाजा तक पहुंचा दिया है। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय यात्रियों के लिए टोल भुगतान को आसान और सुविधाजनक बनाना है।

एनएचएआई के अनुसार, संबंधित पात्र टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग इस लोकल पास का लाभ उठा सकते हैं। पात्र वाहन मालिक राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन मासिक लोकल पास ले सकते हैं। इससे उन्हें बार-बार टोल भुगतान की प्रक्रिया से राहत मिलेगी।

FASTag एक रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) आधारित टैग है, जिसके माध्यम से वाहन मालिक के जुड़े प्रीपेड, बचत या चालू बैंक खाते से टोल शुल्क सीधे काट लिया जाता है।

और पढ़ें: कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मरम्मत पूरी होने तक टोल माफ, एनएचएआई ने की बड़ी कार्रवाई

डिजिटल लोकल पास की पहली सुविधा जुलाई 2026 में दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर अर्बन एक्सटेंशन रोड-द्वितीय पर शुरू की गई थी। अब इसका विस्तार देश के कई राज्यों तक किया गया है।

एनएचएआई की सूची में पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, असम, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, ओडिशा, झारखंड, तेलंगाना, केरल, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मेघालय, दिल्ली और पुडुचेरी के टोल प्लाजा शामिल हैं।

सूची में बिहार के बरसोनी, देवकुली, जिंदापुर, कटियारा, खैखट, एसएमएस-टीपी1-मैथी, एसएमएस-टीपी3-आसनपुर और सोनहो जैसे टोल प्लाजा शामिल हैं। वहीं दिल्ली में मुंडका टोल प्लाजा भी इस सुविधा के दायरे में है।

एनएचएआई का कहना है कि यह व्यवस्था डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और कदम है, जिससे स्थानीय यात्रियों के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा अधिक सुगम और डिजिटल बनेगी।

और पढ़ें: दिल्ली के टिकरी कलां में सीएनजी पंप पर धमाका, 6 लोग घायल

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share