डीएनडी-फरीदाबाद-सोहना हाईवे से जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
डीएनडी-फरीदाबाद-सोहना हाईवे परियोजना से जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक कम होगा और यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने डीएनडी-फरीदाबाद-सोहना हाईवे परियोजना का निरीक्षण किया। यह हाईवे दिल्ली और नोएडा के बीच स्थित डीएनडी से शुरू होकर फरीदाबाद और सोहना (गुरुग्राम) तक जाएगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का हिस्सा बनने वाला यह मार्ग जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज और आसान पहुंच उपलब्ध कराएगा।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
नितिन गडकरी ने बताया कि यह परियोजना भारतमाला परियोजना के तहत विकसित की जा रही है। करीब 59.063 किलोमीटर लंबे इस हाईवे की अनुमानित लागत लगभग 4,463 करोड़ रुपये है। यह छह लेन वाला एक्सेस कंट्रोल हाईवे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना को आपस में जोड़ेगा।
और पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में रियल एस्टेट वैल्यू बढ़ाने में मेट्रो, एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट प्रमुख
परियोजना की खासियतों में 140 मीटर लंबा ‘नेटवर्क आर्च ब्रिज’ शामिल है, जिसे भारत की सबसे आधुनिक स्टील ब्रिज संरचनाओं में गिना जा रहा है। इसके निर्माण में आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का उपयोग किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण में ओखला और गाजीपुर लैंडफिल से बायो-माइनिंग द्वारा निकाले गए करीब दो लाख मीट्रिक टन निष्क्रिय सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इससे प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भरता कम हुई है।
यह हाईवे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को डीएनडी-फरीदाबाद बाईपास, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। परियोजना के तहत हरियाणा के फरीदाबाद स्थित चंदावली गांव से उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के दयानापुर तक छह और आठ लेन की सड़क बनाई जा रही है।
परियोजना पूरी होने के बाद उत्तरी भारत से आने वाला ट्रैफिक ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए सीधे नोएडा एयरपोर्ट पहुंच सकेगा, जिससे दिल्ली में ट्रैफिक दबाव काफी कम होगा। साथ ही दक्षिणी दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम से भी जेवर एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
और पढ़ें: दिल्ली के विकास को मिलेगी नई गति, केंद्र से 7,000 करोड़ रुपये के विशेष फंड की उम्मीद