आगरा में सनसनीखेज हत्याकांड: 45 दिन से लापता सुरेंद्र शर्मा का कंकाल घर के बाथरूम से बरामद, पत्नी रूबी ने कबूला जुर्म
आगरा में 45 दिन से लापता सुरेंद्र शर्मा का कंकाल घर के बाथरूम से मिला। पत्नी रूबी ने हत्या कर शव छुपाने की बात कबूल की, पुलिस जांच जारी है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में 45 दिन से लापता चल रहे सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी का रहस्य आखिरकार एक सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया। पुलिस ने सुरेंद्र का कंकाल उनके ही घर के बाथरूम में टाइल्स के नीचे से बरामद किया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सुरेंद्र की पत्नी रूबी ने अपने पति की हत्या कर शव को घर के अंदर बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया था। हत्या के बाद उसने ऊपर से टाइल्स और प्लास्टर लगवा दिए ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद वह लगातार 45 दिन तक पति के लापता होने का नाटक करती रही और समाज व परिजनों को गुमराह करती रही।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। घटना वाले दिन रूबी ने अपनी दोनों बेटियों को जेठ के घर भेज दिया था। इसके बाद उसने रात के खाने में खीर बनाई और उसमें नींद की गोलियां मिला दीं। खीर खाने के बाद सुरेंद्र बेहोश हो गए, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई।
और पढ़ें: गाजियाबाद में लिव-इन पार्टनर की हत्या का खुलासा, 12 घंटे में दो सगी बहनें गिरफ्तार
इसके बाद शव को बाथरूम में दफनाकर घर को सामान्य तरीके से इस्तेमाल किया जाता रहा। रूबी ने 26 मई को खुद ही गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
शुक्रवार को जब पुलिस जांच के लिए घर पहुंची तो रूबी का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। पूछताछ के दौरान वह घबरा गई और बाद में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने घर की गहन तलाशी ली और बाथरूम की फर्श खोदने पर कंकाल बरामद किया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल जारी है।
और पढ़ें: केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़, आरोपी सिया गोयल के भाई ने वकील के दावे को खारिज किया