बिहार कैबिनेट विस्तार आज, निशांत कुमार समेत 32 नेता लेंगे मंत्री पद की शपथ
बिहार में आज कैबिनेट विस्तार होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार में निशांत कुमार समेत 32 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
बिहार में गुरुवार को होने वाला कैबिनेट विस्तार राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में आज 32 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में औपचारिक एंट्री को लेकर है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके निशांत कुमार पहली बार सरकार का हिस्सा बनने जा रहे हैं। नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह फैसला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कई नेता और कार्यकर्ता लंबे समय से चाहते थे कि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में आएं और सरकार में भूमिका निभाएं। हालांकि शुरुआत में निशांत किसी पद को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह पहले संगठन में कार्यकर्ता के रूप में खुद को स्थापित करना चाहते थे।
और पढ़ें: तमिलनाडु में सरकार गठन पर सस्पेंस बरकरार, आज फिर राज्यपाल से मिलेंगे विजय
कैबिनेट विस्तार से पहले जेडीयू के कई नेताओं को फोन कर शपथ ग्रहण समारोह के लिए बुलाया गया है। इस विस्तार में भाजपा और जेडीयू के अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) को भी प्रतिनिधित्व मिलने जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कैबिनेट विस्तार आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश है। वहीं निशांत कुमार की एंट्री को जेडीयू में नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
और पढ़ें: कानपुर में यात्रियों से भरी बस नहर में गिरी, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी