×
 

बिहटा के परेव सोन नदी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 62 राउंड फायरिंग; एक बदमाश गिरफ्तार

बिहटा के परेव सोन नदी में रंगदारी वसूली की सूचना पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। 62 राउंड फायरिंग में तीन पुलिसकर्मी और एक बदमाश घायल हुए।

बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा थाना क्षेत्र के परेव सोन नदी में शनिवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, नाव के जरिए अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों से रंगदारी वसूल रहे अपराधियों की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई। इस दौरान दोनों ओर से करीब 62 राउंड गोलियां चलीं।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड और अपराधियों की तरफ से लगभग 40 राउंड फायरिंग की गई। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि एक अपराधी को भी गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान अनीश कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर राजू कुमार की बांह में गोली लगी है। वहीं, थानाध्यक्ष अमित कुमार और सहायक थानाध्यक्ष विकास कुमार को भी चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मी को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

और पढ़ें: कुत्ते का मुंह टेप से बंद कर बिहार के घर में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े चोर

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अनीश कुमार, पिता रामबाबू राय, निवासी मनेर, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अनीश के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों में चार मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला एके-47 से संबंधित भी बताया जा रहा है।

हथियार और नाव बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी राइफल, एक देशी कारबाइन, एक देशी पिस्टल और दो देशी कट्टे बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 25 राउंड जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक नाव भी जब्त की गई है।

बताया जा रहा है कि अपराधी नाव के जरिए नदी क्षेत्र में रंगदारी वसूल रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी से सोन नदी का किनारा काफी देर तक गोलियों की आवाज से गूंजता रहा।

मुठभेड़ के दौरान गिरोह के तीन अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी आरा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए नदी किनारे और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

सिटी एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने के बाद पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अब गिरफ्तार अनीश से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके आपराधिक नेटवर्क और रंगदारी वसूली से जुड़े अन्य मामलों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

और पढ़ें: हाजीपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, छह गोलियां दागकर फरार हुए बदमाश

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share