×
 

हाजीपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, छह गोलियां दागकर फरार हुए बदमाश

वैशाली के हाजीपुर में मोटरसाइकिल सवार युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना राघोपुर रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में सिक्स लेन के 32 नंबर पाया के पास हुई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल से जा रहे युवक को बदमाशों ने घेर लिया और उस पर कई गोलियां चला दीं। युवक को करीब छह गोलियां मारे जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान चेचर गांव निवासी 22 वर्षीय अंशुमन कुमार, पिता सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि 32 नंबर पाया के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है, जबकि एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना से पहले दुर्घटना होने की जानकारी भी सामने आई है। मौके पर फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।

और पढ़ें: मुजफ्फरपुर में छात्रा अपहरण मामले के आरोपियों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई के बाद बाइक लूटकर फरार

मृतक के भाई गौरव कुमार ने आरोप लगाया कि अंशुमन 12वीं कक्षा का छात्र था और नए सिक्स लेन पुल के पास तस्वीरें खींचने गया था। उनके अनुसार, चेचर गांव के रहने वाले आलोक कुमार सिंह ने कार से पहले उसे टक्कर मारी और इसके बाद गोली मारकर हत्या कर दी। गौरव ने यह भी आरोप लगाया कि आलोक का नाम पश्चिम बंगाल में सोना लूट की एक वारदात में सामने आ चुका है।

गौरव का कहना है कि परिवार का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था। वहीं पुलिस हत्या के कारणों, आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

और पढ़ें: गया में पत्नी की हत्या के बाद पति ने काटी हाथ की नसें, बंद कमरे में मिला महिला का शव

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share